महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने विपक्ष और अवैध प्रवासियों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने मुंबई में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान और मदरसों में 'वंदे मातरम' अनिवार्य को सही बताया है। राणे की ओर से यह प्रतिक्रिया मुंबई में जारी अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सामने आई।
'
बांग्लादेशी और रोहिंग्या अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर यहां से चले जाएं'
मीडिया से बात करते हुए मंत्री नितेश राणे ने साफ किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "अगर आप सरकारी जमीन पर अवैध घर या मस्जिदें बनाएंगे तो हम उन्हें जड़ से उखाड़ फेंकेंगे। यह सरकार की जमीन है, किसी की निजी जागीर नहीं।"
राणे ने कहा कि हमने चुनावों के दौरान ही जनता से वादा किया था कि राज्य में बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं की अवैध मौजूदगी को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। बांद्रा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, "हम अपना वादा निभा रहे हैं। सिर्फ बांद्रा ही नहीं, बल्कि कई अन्य जगहों पर भी पूरी तरह सफाई की जरूरत है। सभी अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर यहां से चले जाएं।"
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी पर मंत्री राणे ने बेहद कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, "अगर कोई हमारे देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करता है, तो वह केवल पाकिस्तान का एजेंट ही हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ बोलने वालों को इस देश में रहने की अनुमति दी जाए या नहीं, इसका फैसला देश के नागरिक ही करेंगे।
'वंदे मातरम' अनिवार्य किए जाने के फैसले का किया समर्थन
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा मदरसों में 'वंदे मातरम' अनिवार्य किए जाने के फैसले का समर्थन करते हुए नितेश राणे ने इसे पूरे देश में लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा, "अगर मदरसों में और 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' गाया जाएगा तो वहां से आतंकवाद खत्म हो जाएगा। यह नियम हर जगह लागू होना चाहिए।"
मंत्री नितेश राणे ने आगे कहा, "देखिए, बंदरगाहों के जरिए आने वाले समय में महाराष्ट्र का बड़े पैमाने पर विकास होने वाला है। हमारी अपनी जहाज बनाने, जहाज तोड़ने और जहाज की मरम्मत करने की नीति है। हमारे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सपना है कि अर्थव्यवस्था ट्रिलियन में जाए, उसमें सबसे बड़ा योगदान हम बंदरगाह विभाग के जरिए देने वाले हैं।
नितेश राणे का कहना है कि अगर आप सरकारी जमीन पर अवैध घर या मस्जिदें बनाते हैं, तो हम उन्हें जड़ से उखाड़ फेंकेंगे... हमने चुनावों के दौरान ही लोगों से कह दिया था कि हमें यहां बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं की गंदगी नहीं चाहिए। हम अपना वादा निभा रहे हैं। सिर्फ बांद्रा ही नहीं, बल्कि और भी कई जगहें हैं जहां पूरी तरह से सफाई की जरूरत है। सभी अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर यहाँ से चले जाना चाहिए।