नवजात बच्चे का नाम लॉकडाउन रखा।
- फोटो : ANI
देश में कोरोना के चलते लगे लॉकडाउन के दौरान त्रिपुरा में फंसे एक प्रावसी दंपती ने अपने नवजात बच्चे का नाम 'लॉकडाउन' रखा है। उनका बेटा 13 अप्रैल को पैदा हुआ था इसलिए उन्होंने उसका नाम लॉकडाउन रख दिया। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन मई तक के लिए आगे बढ़ा दिया है। पहले यह 14 अप्रैल को खत्म होने वाला था।
पति-पत्नी राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले हैं और प्लास्टिक के बर्तन बेचने का काम करते हैं। इसलिए उन्हें अक्सर इधर-उधर की यात्रा करनी पड़ती है। ये लोग प्लास्टिक का सामान बेचने के लिए हर साल छह महीने के लिए त्रिपुरा आते हैं। इस साल भी ये लोग इसी सिलसिले में त्रिपुरा आए थे और लॉकडाउन में फंस गए। उनको सरकारी अधिकारियों ने सलाह दी कि वो अपने बेटे का नाम लॉकडाउन रखें।
बच्चे के पिता ने बताया कि बच्चा बिल्कुल ठीक है। हमें प्रशासन की तरफ से खाना उपलब्ध करवाया जा रहा है। जैसा कि उसका जन्म लॉकडाउन में हुआ, तो हमने उसका नाम 'लॉकडाउन' रखने का निर्णय लिया है।
बच्चे की मां मंजू ने बताया कि सरकार हमारी मदद कर रही है और हमारे बच्चे का ख्याल रख रही है। उन्होंने मेरे बेटे की सुरक्षित तरीके से डिलीवरी करवाई, लेकिन हम अपने घर राजस्थान पहुंचकर और ज्यादा खुश होंगे। इनके अलावा बढ़ारघाट में 13 और प्रवासी परिवार रह रहे हैं।