भारत-चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में जारी तनाव के बीच हाल ही में एक चीनी प्रोफेसर ने दावा किया था कि 29 अगस्त को सीमा पर भारतीय सैनिकों के खिलाफ माइक्रोवेव हथियारों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, भारतीय सेना ने इस दावे को खारिज कर दिया था। सेना ने ऐसी खबरों को गलत बताया। आइए आपको बताते हैं कि आखिर ये माइक्रोवेव हथियार क्या होते हैं? ये कैसे काम करते हैं? क्या भारत भी ऐसे हथियार बनाने पर काम कर रहा है?
इस तकनीक के इस्तेमाल से तैयार हो रहे हथियार
माइक्रोवेव इलेक्ट्रोमैग्नेटिक रेडिएशन का ही एक रूप है। इसका इस्तेमाल खाना पकाने और रडार सिस्टम में होता है। 2008 में ब्रिटेन की मैग्जीन न्यू साइंटिस्ट ने बताया था कि माइक्रोवेव शरीर के ऊतकों को गर्म कर सकता है। कानों के जरिये ये सिर के अंदर एक शॉक वेव पैदा करते हैं। इस तकनीक को हथियारों की तरह इस्तेमाल करने के लिए कई देश काम कर रहे हैं।