झुलसाने वाली गर्मी और उत्तर भारत के कई स्थानों पर पारा 45 डिग्री के पार जाने के बाद मौसम विभाग ने रविवार को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के लिए अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान पारा 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। साथ ही इन राज्यों में शुक्रवार को बारिश से राहत की उम्मीद जताई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मालूम हो कि शनिवार को पिलानी का तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।
मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में अगले तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वहां तापमान 48 डिग्री तक जा सकता है। चूरू देश का ऐसा स्थान है जहां, तापमान में भारी अंतर देखा जाता है। वहां सर्दी में तापमान शून्य से नीचे चला जाता है, वहीं गर्मी में पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
लू की स्थिति तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य तापमान में वृद्धि 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक हो।
मैदानी क्षेत्रों के लिए लू की स्थिति तब होती है जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री हो और भीषण लू उस वक्त चलती है जब यह 47 डिग्री या उससे अधिक हो। श्रीवास्तव ने कहा कि रेड अलर्ट लोगों को आगाह करने के लिए जारी किया गया है कि वे दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक घर से बाहर न निकलें, क्योंकि उस वक्त धूप की तपिश सबसे अधिक होती है।