दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को दावा किया कि पराली जलाए जाने से दिल्ली में सिर्फ पांच फीसदी, जबकि स्थानीय कारणों से 95 फीसदी प्रदूषण होता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए आम आदमी पार्टी सरकार जिम्मेदार है। गुप्ता ने कहा कि शहर में भाजपा शासित नगर निगम वायु प्रदूषण से अग्रिम मोर्चे पर मुकाबला कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।
इससे पहले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के मौसम में सर्वाधिक प्रदूषित स्थलों (हॉटस्पॉट) पर नजर रखने के लिए सीपीसीबी की 50 टीमें तैनात की थीं। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार से पराली जलाने पर रोक लगाने की भी अपील की थी। हालांकि उन्होंने कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में वायू प्रदूषण के लिए पराली जलाया जाना बड़ा कारण नहीं है।
केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने कहा था कि केवल चार प्रतिशत प्रदूषण पराली जलाने के कारण है। इसके अलावा 96 प्रतिशत प्रदूषण बायोमास जलाने, कूड़ा करकट फेंकने, कच्ची सड़कों, धूल, निर्माण कार्य और तोड़-फोड़ संबंधी गतिविधियों इत्यादि के कारण है। बाद में उन्होंने एक ट्वीट कर स्पष्ट किया था कि उनके कहने का आशय यह था कि इस सप्ताह प्रदूषण में चार प्रतिशत हिस्सा पराली जलाने का रहा।