एंडीगुआ से क्यूबा भागने की फिराक में निकला भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी डोमिनिका में पकड़े जाने के बाद अब ब्रिटेन की मदद लेकर अपने भारत प्रत्यर्पण से बचना की चाल चल रहा है। मेहुल के वकीलों ने लंदन की मेट्रोपोलिटन पुलिस से डोमिनिका की जांच में दखल देकर मदद की मांग की है। इससे पहले मेहुल ने अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी।
उधर, विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि ब्रिटेन ने आश्वासन दिया है कि सभी आर्थिक भगोड़ों को जल्द भारत को सौंपा जाएगा। चोकसी की जमानत पर डोमिनिका हाईकोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा।
मेहुल के वकील माइकल पोलाक ने कहा, लंदन पुलिस अपने सार्वभौमिक अधिकार क्षेत्र के तहत डोमिनिका में चोकसी के अपहरण के मामले में जांच कर सकती है। एंटीगुआ और बरबूडा का नागरिक होने के नाते वह ब्रिटिश प्रिवी काउंसिल के समक्ष नागरिकता व प्रत्यर्पण के लिए अपील कर सकता है। अभी वह डोमिनिका में है जहां उसे कोई अधिकार नहीं मिल रहे हैं।
पोलाक ने कहा, ऐसे मामले जहां कहीं भी हों ब्रिटिश कोर्ट और पुलिस के पास उनमें दखल देने का सर्वभौमिक अधिकार है। इसके तहत लंदन की पुलिस एक टुकड़ी को जांच के लिए भेजेगी। अगर वहां शारीरिक प्रताड़ना के साक्ष्य मिलते हैं तो मेहुल चोकसी को ब्रिटेन लाया जाएगा।
भारत को सौंपने के लिए हुआ चोकसी का अपहरण
पोलाक ने कहा, जिस तरह चोकसी के डोमिनिका की हिरासत में आने के तुरंत बात भारतीय विमान वहां पहुंचा इससे साफ है कि मेरे मुवक्किल का अपहरण उसे भारत को सौंपने के लिए किया गया। यही नहीं इस पूरे खेल की एक मॉक ड्रिल अप्रैल में भी की गई थी और मेहुल की कथित गर्लफ्रेंड इस बारबरा जैबरिका इस साजिश में शामिल थी।
नीरव समेत सभी आर्थिक अपराधी जल्द भेजे जाएंगे भारत: ब्रिटेन
ब्रिटेन ने पीएनबी घोटाले में भगोड़ा घोषित हीरा व्यापारी नीरव मोदी समेत अन्य आर्थिक अपराधियों को बहुत जल्द भारत भेजने का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को कहा, मई में हुए भारत ब्रिटेन सम्मेलन के दौरान लंदन ने यह भरोसा दिया था।
उन्होंने बताया कि ब्रिटेन की गृहमंत्री प्रीति पअेल ने पहले ही नीरव मोदी के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है बस अदालत की मुहर लगने का इंतजार है। ऐसे में डोमिनिका से बचकर ब्रिटेन जाने की मेहुल चोकसी की चाल उलटी पड़ेगी। बागची ने कहा, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को जल्द भारत लाने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं।