भगोड़े हीरा कारोबारी और पंजाब नेशनल बैंक को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले मेहुल चोकसी ने मुंबई की प्रिवेंशन ऑफ मनी लांडरिंग (पीएमएलए) अदालत में एक नया आवेदन किया है। आवेदन में उसका कहना है कि उसका बीमारियों का लंबा इतिहास रहा है जिसमें दिल, पैर में कष्टदायक दर्द और दिमाग में थक्का शामिल है।
बता दें कि नीरव मोदी की गिरफ्तारी के बाद उसके मामा और बैंक घोटाले में आरोपी मेहुल चोकसी को भारत लाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई ने चोकसी को प्रत्यर्पित करने को लेकर एंटीगुआ की एजेंसियों को दस्तावेज भेजे हैं और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
सूत्रों का कहना है कि चोकसी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है और जांच एजेंसियां एंटीगुआ की ओर से जवाब मिलने का इंतजार कर रही हैं। चोकसी ने पिछले साल भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने के बाद एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। पिछले साल अगस्त में भारत ने एंटीगुआ से चोकसी के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था।
इससे पहले ईडी याचिका को खारिज करने के लिए चोकसी ने 34 पन्नों का जवाब भेजा था। उसने कहा था कि वह पंजाब नेशनल बैंक की बकाया राशि को वापस करने के संबंध में बातचीत कर रहा है। चोकसी ने अपनी बहुत सी स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए कहा था कि उसके लिए भारत आने के लिए 41 घंटे लंबी यात्रा करना संभव नहीं है।