पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के मुख्य आरोपियों में से एक हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने पंजाब एंड सिंध बैंक (पीएसबी) के साथ भी लगभग 44.1 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। पीएसबी ने शनिवार को इसका खुलासा किया। पिछले महीने बैंक ने चोकसी को ‘विलफुल डिफॉल्टर’ घोषित करने को लेकर नोटिस जारी किया। बैंक ने उसके खिलाफ वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीएसबी अधिकारियों के मुताबिक, चोकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स लिमिटेड ने उससे लोन लिया था। चोकसी कंपनी के निदेशक के साथ गारंटर भी है। लोन नहीं चुकाने पर बैंक ने 31 मार्च, 2018 को उसे एनपीए में डाल दिया। बैंक को फरवरी में पता चला कि चोकसी और उसका परिवार देश छोड़कर फरार हो चुका है।
बैंक ने चोकसी को कर्ज की राशि, ब्याज और अन्य शुल्क 23 अक्तूबर, 2018 तक भुगतान करने के लिए कहा था, लेकिन भुगतान नहीं करने पर 17 सितंबर, 2019 को पीएसबी ने चोकसी को विलफुल डिफॉल्टर घोषित कर दिया। इसके साथ ही वह उन 27 अन्य डिफॉल्टरों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने बैंक के साथ धोखाधड़ी की है।