मेघालय के शिलांग में शनिवार तड़के दो अज्ञात लोगों ने लाबान पुलिस थाने पर दो पेट्रोल बम फेंके। परिसर में आग लग गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने बुझा दिया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हमलावर सीसीटीवी में कैद हुए हैं।
मेघालय की राजधानी शिलांग में शनिवार तड़के दो अज्ञात लोगों ने लाबान पुलिस थाने पर दो पेट्रोल बम फेंक दिए। हमले के बाद थाने के परिसर में आग लग गई, जिसे पुलिसकर्मियों ने तत्काल बुझा दिया। घटना में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। ईस्ट खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम के अनुसार, दोनों हमलावर करीब रात 2:30 बजे दोपहिया वाहन से थाने के पास पहुंचे और पेट्रोल बम फेंकने के बाद फरार हो गए। घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज की जांच कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
विज्ञापन
हमले के पीछे मकसद स्पष्ट नहीं
पेट्रोल बमों से थाने के परिसर में आग लगी, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे बुझा दिया। इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं हमले का संबंध मेघालय में इनर लाइन परमिट (आईएलपी) लागू करने की मांग से जुड़े समूहों से तो नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।