भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में दंगों की स्थिति होने का दावा किया और कहा कि कथित बांग्लादेशी घुसपैठिए शादी कर आदिवासी प्रमाणपत्र लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन के दौरान झड़प हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी। पढ़िए रिपोर्ट-
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को दावा किया कि मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में इन दिनों दंगे की स्थिति है। उन्होंने यह भी कहा कि कथित घुसपैठिए बंगाल और झारखंड की तर्ज पर चुनाव लड़ रहे हैं।
विज्ञापन
रविशंकर प्रसाद ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा, मेघालय में गारो हिल्स क्षेत्र में इन दिनों काफी हंगामा और दंगे की स्थिति है। बांग्लादेशी घुसपैठिए वहां बड़ी संख्या में आए हैं। गारो जिला परिषद एक स्वायत्त निकाय है और भारत के संविधान के तहत उसे प्रशासन का अधिकार प्राप्त है। उसका चुनाव होता है और प्रमाणित आदिवासी ही चुनाव लड़ते हैं। बंगाल और झारखंड के तर्ज पर बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों ने नया तरीका अपनाया है। ये स्थायी आदिवासी बेटियों से शादी कर लेते हैं और बाद में तलाक लेकर अलग हो जाते हैं और उस आधार पर प्रमाण पत्र लेकर चुनाव लड़ने आ जाते हैं।
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ये पूरा जो मामला बढ़ा, उसका कारण फुलबाड़ी के विधायक हैं, जो अब टीएमसी में हैं। उन्होंने जीएचएडीसी में पारित प्रस्ताव के बावजूद गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषदके लिए 9 मार्च को अपना नामांकन दाखिल किया। वह आदिवासी नहीं हैं, इसलिए इसका विरोध हुआ। उनके लोगों ने हमला किया और दंगे में दो लोग मारे गए। अब स्थिति तनावपूर्ण है। हम मेघालय के गारो हिल्स में गैर-जनजातीय षड्यंत्र के द्वारा जनजातियों का अधिकार छीनने की निंदा करते हैं।
कैसे शुरू हुई हिंसा?
गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने को लेकर जनजातीय और गैरजनजातीय समुदाय के लोगों के बीच मंगलवार को झड़प हुई थी। इस हिंसा में दो लोगों की मौत हुई। स्थिति को देखते हुए बुधवार को क्षेत्र के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। इसके साथ ही पश्चिम गारो हिल्स और पूर्वी गारो हिल्स जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हिंसा को देखते हुए सरकार ने 10 अप्रैल को होने वाले चुनाव को भी स्थगित कर दिया है।