मेघालय के पूर्व मंत्री एडोल्फ लू हिटलर मारक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल हो गए हैं। हिटलर मारक रंगसकोना से तीन बार विधायक रह चुके हैं। एडोल्फ लू हिटलर मारक के साथ मेघालय भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष डेविड मारक और शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी भूपेंद्र मोमिन भी टीएमसी में शामिल हो गए।
हिटलर और दो अन्य के शामिल होने के बाद जेनिथ संगमा ने कहा कि जल्द ही और नेता टीएमसी में शामिल होंगे। जेनिथ संगमा ने आगे स्पष्ट किया कि नेता बिना किसी शर्त के टीएमसी में शामिल हुए। जेनिथ संगमा ने कहा कि वे केवल मेघालय के लोगों की सेवा और मदद करना चाहते हैं।
मणिपुर में अवैध हथियार निर्माण फैक्टरी का भंडाफोड़
वहीं, मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी अवैध हथियार फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। माना जा रहा है कि यहां पर हथियार बनाकर आतंकवादियों को आपूर्ति की जाती थी। खुफिया जानकारी के आधार पर मणिपुर पुलिस और बीएसएफ कर्मियों की एक संयुक्त टीम ने न्यू लम्का इलाके के श्यामतुंड गांव में हथियार निर्माण की अवैध फैक्टरी पर छापा मारा। छापेमारी में भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। हालांकि इसका मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने इसके लिए जिला पुलिस और अर्धसैनिक बलों के संयुक्त टीम की सराहना की।