पाकिस्तान के गुरुद्वारा करतारपुर साहिब पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि इस दौरान गुरुद्वारा साहिब और पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पगड़ी और शिरोपा देने के लिए भेंट किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनिंदर सिंह सिरसा कहते हैं कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर गुरुद्वारा श्री करतार साहिब में प्रार्थना करने के लिए लिए पाकिस्तान पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मानवता की भलाई और राष्ट्र की शांति समृद्धि के लिए काम करने वाले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर प्रार्थना की।
वह कहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की वजह से ही करतारपुर साहिब कॉरिडोर की इच्छा पूरी हुई है। उनका कहना है कि सिख समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर इस पवित्र स्थल से प्रार्थना करना एक अद्भुत अहसास था।
सिरसा ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब के प्रमुख ग्रंथी ज्ञानी गोविंद सिंह जी और पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार इंद्रजीत सिंह भी इस दौरान वहां पर मौजूद थे। दोनों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्म दिवस पर शुभकामनाएं दी। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब से प्रसाद के तौर पर दस्तार और शिरोपा भी उनको देने के लिए भेंट किया।