रिपोर्ट के मुताबिक, यह विमान सरकारी बी. जे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के डाइनिंग एरिया पर गिरा, जिसमें अंदर मौजूद कई मेडिकल छात्रों की जान चली गई। चैनल ने जो वीडियो दिखाया है, उसमें विमान का एक हिस्सा इमारत के ऊपर अटका हुआ नजर आया। राहत बचाव कर्मियों ने बताया कि अब तक घटनास्थल से करीब 30 से 35 शव निकाले जा चुके हैं और कई लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।
अहमदाबाद में विमान हादसा।
- फोटो : पीटीआई
गुजरात के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव धनंजय द्विवेदी ने कहा, अहमदाबाद सिविल अस्पताल के छात्र छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय क्षेत्र उस एरिया में स्थित हैं, जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उस क्षेत्र के निवासी भी घायल हुए हैं। करीब 50 घायल लोगों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में लाया गया है। उन्हें उपचार दिया जा रहा है। उनकी हालत गंभीर है, लेकिन स्थिर है।
अमहमदाबाद में विमान हादसा।
- फोटो : पीटीआई
द्विवेदी ने कहा, बी.जे. मेडिकल में डीएनए जांच की व्यवस्था की गई है, इसलिए विमान यात्रियों के परिवारों और करीबी लोगों, खासकर उनके माता-पिता और बच्चों से अनुरोध है कि वे अपने सैंपल उस स्थान पर जमा करें। ताकि पीड़ितों की जल्द से जल्द पहचान हो सके। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में लाए गए यात्रियों और अन्य घायलों के रिश्तेदारों को अगर कोई पूछताछ करनी है, तो सिविल अस्पताल अहमदाबाद ने दो हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं - 6357373831 और 6357373841। आप किसी भी मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि विमान हादसे में बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रहने वाले चार एमबीबीएस छात्रों और एक डॉक्टर की पत्नी की मौत हुई। कॉलेज की डीन डॉ. मीनाक्षी पारिख ने बताया कि हादसे में दो अन्य एमबीबीएस छात्र और तीन डॉक्टरों के रिश्तेदार लापता हैं। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (AI171) था। विमान दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह विमान शहर के मेघाणीनगर इलाके में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के रिहायशी परिसर पर गिर गया।
डॉ. मीनाक्षी पारिख ने बताया, हॉस्टल में रहने वाले चार एमबीबीएस छात्रों की मौत हो गई है, जबकि 19 अन्य घायल हुए हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर है। दो तृतीय वर्ष के छात्र अब तक नहीं मिले हैं।उन्होंने आगे बताया कि एक डॉक्टर की पत्नी की भी मौत हो गई है, जबकि दो अन्य डॉक्टरों के रिश्तेदार घायल हुए हैं। एक डॉक्टर के परिवार के तीन सदस्य अब भी लापता हैं। बाकी सभी डॉक्टर और उनके परिवार सुरक्षित हैं।