देश-विदेश में फैलते खसरा संक्रमण के बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी जारी की है। WHO की ओर से कहा गया है कि खसरे का एक मरीज करीब 12 से 18 लोगों को संक्रमित कर सकता है। विशेषज्ञों की ओर से कहा गया है कि खसरा संक्रमण पिछले साल की तरह ही इस बार भी घातक है और इस सीजन में स्थिति और भी ज्यादा खराब होती जा रही है।
कम टीकाकरण बना चिंता का कारण
डब्ल्यूएचओ और यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने एक संयुक्त रिपोर्ट में कहा कि दुनिया भर के विभिन्न क्षेत्रों में खसरे के फैलने का खतरा तेजी से हमारी तरफ आ रहा है। कोरोना वायरस के कारण खसरा टीकाकरण में लगातार गिरावट आई है और बीमारी पर निगरानी भी कम हुई है, जो कि चिंताजनक है।
मुंबई में स्थिति गंभीर
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में खसरा का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। महानगर में इस खतरनाक बीमारी की चपेट में आने से अब तक 12 लोगों की मौत हो गई। शहर में खसरे के मामलों में बढ़ोतरी के बीच बीएमसी ने भी आम लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को टीका जरूर लगवाएं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुंबई में खसरे के प्रकोप को देखते हुए सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपने 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को खसरा युक्त टीका लगवाएं।