इसके अलावा रवीश कुमार ने ईरान से तेल आयात के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने फैसले में पहले की अपेक्षा किसी तरह का बड़ा बदलाव नहीं किया है। कुल मिला कर बात यही है कि भारत अपनी व्यवसायिक स्ठिति, उर्जा संरक्षण और राष्ट्र हित को ध्यान में रखते हुए ही फैसला लेगा।
आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के नर्म रवैये पर भी उन्होंने निशाना साधा। पाकिस्तानी मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक हाफिज सईद को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ईद की नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं मिली थी। इन खबरों पर रवीश ने कहा कि हमने पहले भी देखा है कि इस तरह की कार्रवाई के बाद भी कुछ नहीं हुआ है। पाकिस्तान को अपनी बात पर कायम रहना चाहिए।
मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने नए विदेश मंत्री के पहले आधिकारिक दौरे की भी जानकारी देते हुए बताया कि डॉ जयशंकर आगामी 7-8 जून को भूटान के दौरे पर जाएंगे। यह दौरा भारत और भूटान के द्विपक्षीय संबंध को मजबूती देगा।