विदेश मंत्रालय के सचिव सुधाकर दलेला
- फोटो : एएनआई वीडियो ग्रैब
विदेश मंत्रालय में सचिव (ईआर) सुधाकर दलेला ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अफ्रीकी देश की यात्रा को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू बोत्सवाना के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 11 से 13 नवंबर तक अफ्रीकी देश बोत्सवाना का दौरा करेंगी। उन्होंने बताया कि विदेश यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू बोत्सवाना के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच देश के अलावा निवेश, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, रक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे पर बात होगी। दोनों देशों की जनता के बीच संबंधों और द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए नए अवसरों पर भी चर्चा होगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि बोत्सवाना में राष्ट्रपति इस अफ्रीकी देश की संसद को भी संबोधित करेंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का दौरा करने की योजना भी बनाई गई है। इस दौरे पर यह चर्चा करने का अवसर भी मिलेगा कि भारतीय व्यापारिक समुदाय बोत्सवाना के साथ संबंधित क्षेत्रों में कैसे साझेदारी को बेहतर बना सकता है।