Harsh Vardhan Shringla In Bangladesh
- फोटो : Social Media
भारत के विदेश सचिव हर्ष वर्धन श्रृंगला दो दिन के दौरे पर बांग्लादेश में हैं। विदेश सचिव ने बांग्लादेश की सरकार को असम में (राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण) एनआरसी को लेकर आश्वस्त किया है। श्रृंगला ने कहा कि असम में एनआरसी भारत का नितांत आंतरिक मामला है और इसका असर बांग्लादेश के लोगों तथा बांग्लादेश की सरकार पर नहीं पड़ेगा।
हर्ष वर्धन श्रृंगला ने पड़ोसी देश को बताया कि भारत असम में एनआरसी की प्रक्रिया उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कर रहा है।
विदेश सचिव के इस आश्वासन को कूटनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रृंगला ने बांग्लादेश को यह विश्वास पड़ोसी देश की चिंताओं को देखते हुए व्यक्त किया है। बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के छात्रों को संबोधित करते हुए भारतीय विदेश सचिव ने कहा कि भारत और बांग्लादेश दो विश्वसनीय पड़ोसी देश हैं। हमारे बीच में इतिहास, संस्कृति और विरासत का साझा है। इस दौरान उन्होंने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर भी बांग्लादेश के रुख की तारीफ की।
गौरतलब है कि पिछले साल बांग्लादेश ने भारत में एनआरसी की प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की थी। बांग्लादेश के मंत्री ने ऐन वक्त पर विरोध जताते हुए अपनी भारत यात्रा टाल दी थी। हालांकि भारत लगातार कहता रहा है कि एनआरसी उसका आंतरिक मामला है। असम में एनआरसी देश के सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में हो रही है और इसे लेकर बांग्लादेश को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।