मशहूर एकंर और सबरीमाला कार्यकर्ता राहुल ईश्वर का नाम उन शख्सियतों में शामिल हो गया है जिनपर मी टू अभियान के तहत यौन शोषण के आरोप लगे हैं। उनपर सोशल मीडिया कार्यकर्ता इनजी पेन्नू ने आरोप लगाए हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के जरिए शोषण की पूरी घटना बताई है। पेन्नू ने लिखा कि उनकी एक दोस्त जो अब जामी-मानी कलाकार है उसने राहुल से 18 साल की उम्र में यौन उत्पीड़न झेला था।
पिछली सुबह एक महिला जो अब जामी-मानी कलाकर हैं और मेरी दोस्त हैं, जिनके साथ मैं अपनी निजी बातें साझा करती हूं उन्होंने मुझे
राहुल ईश्वर के बारे में एक घटना बताई। जिन्हें सुनकर मैं चौंक गई। पोस्ट में पेन्नू ने बताया कि कैसे पीड़िता को कई बार अपने फ्लैट पर यह कहते हुए बुलाया गया था कि उसकी मां भी साथ हैं। हालांकि जब पीड़िता राहुल के फ्लैट पहुंची तो उसकी मां वहां नहीं थी और उसने उसे कई बार किस करने की कोशिश की।
पीड़िता के साथ हुए यौन शोषण की घटना को बयां करते हुए पेन्नू ने फेसबुक पर लिखा, 'जब उसने (राहुल) मुझसे (पीड़िता) दोस्ती की तो मैं बहुत खुश थी। फिर एक दिन उसने मुझे अपने घर बुलाया और कहा कि उसकी मां भी साथ हैं और हम वहां बातचीत कर सकते हैं। जब मैं उसके फ्लैट पहुंची तो मुझे पता चला कि उसकी मां वहां नहीं है। मैं थोड़ा डरने लगी। मैं बहुत युवा और भोली-भाली थी। उसने एक फिल्म चलाई जो सॉफ्ट पोर्न थी। मैं बहुत असहज महसूस करने लगी। इसके बाद उसने मुझे अपना फ्लैट दिखाना शुरू किया। उसने एक कमरा दिखाया और कहा कि यह मेरा बेडरुम है। इसके बाद उसने मुझे छूने और किस करने की कोशिश की।'
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि राहुल ईश्वर ने उस दिन कई बार उसे छेड़ने की कोशिश की। जिसके बाद वह अपने चेहरे पर उभरे डर को छुपाकर वहां से निकल गई। पीड़िता के इस भयावह अनुभव को पोस्ट करने के बाद इंजी पेन्नू ने राहुल ईश्वर और उनके फालोवर्स से इस मामले पर गहराई से विचार करने की अपील की है। सोशल मीडिया कार्यकर्ता का कहना है कि वह पीड़िता के साथ मजबूती से खड़ी हैं।
राहुल ईश्वर पर लगे यह आरोप वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें कड़ी फटकार लगाना शुरू कर दिया है। बहुत से लोगों का कहना है कि राहुल अयप्पा जैसे भगवान के लिए लड़ने लायक नहीं है क्योंकि
सबरीमाला के भगवान पवित्र और दिव्य हैं। वहीं मशहूर पत्रकार सुनीता देवदास ने भी राहुल से कहा है कि वह सबरीमाला मुद्दे पर तभी हस्तक्षेप कर सकते हैं जब अपने ऊपर लगे आरोपों पर जवाब दें।