फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअप: काला धन छिपाने वालों में अमिताभ, महबूबा बनी मुख्यमंत्री, पढ़ें खबरें

Mon, 04 Apr 2016 07:01 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
पनामा पेपर्स लीक में आया अमिताभ-ऐश्वर्या का नाम - फोटो : PTI
विज्ञापन
काला धन छिपाने के लिए मशहूर मुल्क पनामा की कंपनी मोजाक फोंसेका (Mossack Fonseca) के दस्तावेजों में तकरीबन 500 भारतीयों का जिक्र भी है। बॉलीवुड के मशहूर सितारे अमिताभ बच्चन, उनकी बहू ऐश्वर्या रॉय बच्चन और रीयल इस्टेट टायकून केपी स‌िंह, मृतक गैंगस्टर इकबाल मिर्ची समेत 500 भारतीयों ने मोजाक फोंसेका का इस्तेमाल कर दुनिया भर में फर्जी कंपनियां बनाई और काला धन छिपाया। 
विज्ञापन


इंडियन एक्‍सप्रेस ने पनामा की लॉ फर्म मोजाक फोंसेका की गोपनीय फाइलों के 11 मिलियन दस्तावेजों की जांच के बाद दावा किया कि 500 भारतीय नागरिकों ने संभवतः टेक्स के नियमों का उल्‍लंघन किया या विदेशों में फर्जी कंपनियां बनाकर काला धन छिपाया। समाचार पत्र ने दावा किया ‌कि ऐश्वर्या रॉय ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड की एक फर्म में शेयर होल्डर थीं, जबकि अमिताभ बच्चन बहामास की चार शिपिंग कंपनियों के डायरेक्टर थे। इं‌डियाबुल्स के मालिक समीर गुलाटी ने बहामास और जर्सी की कंपनियों के जरिए लंदन में प्रॉपर्टी की खरीद की। डीएलएफ प्रमोटर केपी सिंह और परिजनों की भी ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में कंपनियां हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी, पश्चिम बंगाल के राजनीतिज्ञ शिशिर बाजोरिया और आंध्र प्रदेश की लोकसत्ता पार्टी के पूर्व नेता अनुराग केजरीवाल का नाम भी काला धन छिपाने वालों की सूची में शामिल है।
विज्ञापन


उल्लेखनीय है‌ कि 2003 रिजर्व बैंक के नियमों के मुताबिक, विदेशों में कंपनियां बनाना गैरकानूनी था। 2004 में भारतीय नागरिकों को Liberalised Remittance Scheme (LRS) के तहत 25,000 डॉलर प्रतिवर्ष व‌िदेशों में रखने की छूट दी गई। फिलहाल ये रकम 250,000 डॉलर प्रतिवर्ष है। 

इंडियन एक्सप्रेस ने दावा किया कि आरबीआई ने कभी भी LRS के तहत विदेशों में कपंनी बनाने का अधिकार नहीं दिया, बल्‍कि शेयर खरीदने का अधिकार दिया। मोजाक फोंसेका के दस्तावेजों के मुताबिक, विदेशों में भारतीयों द्वारा कपंनियां आरबीआई के नियम बनाने के कई साल पहले बनाई गई, जिसका मकसद विदेशों में धन छुपाना था। 

इं‌डियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट अंतररष्ट्रीय स्तर पर बने कई मीडिया संस्‍थानों के संगठन 'The International Consortium of Investigative Journalism' की पड़ताल की कड़ी है। आईसीआईजे में शामिल 100 मीडिया संस्थानों के 300 से ज्यादा पत्रकारों ने मोजाक फोंसेका के दस्तावेजों की जांच की थी। जांच में दुनिया के कई ताकतवर नेताओं, खिलाड़ियों और फिल्‍मी सितारों के लेनदेन को शामिल किया गया। 

इंडियन एक्सप्रेस ने दावा किया है कि 1995 में अमिताभ बच्‍चन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ABCL) के लॉन्‍च से दो साल पहले सुपर स्‍टार अमिताभ बच्‍चन को चार शिपिंग कंपनियों में डायरेक्‍टर बनाया गया था। 

Mossack Fonseca के दस्तावजों के मुताबिक, ये चारों कंपनियां काला धन छुपाने के लिए मशहूर देशों यानी टेक्स हैवन में पंजीकृत की गईं। इन कंपनियों के नाम सी बल्‍क शिपिंग कंपनी लिमिटेड, लेडी शिपिंग लिमिटेड, ट्रेजर शिपिंग लिमिटेड और ट्रैंप शिपिंग लिमिटेड ‌थे। पहली कंपनी ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में पंजीकृत थी, जबकि शेष बहामास में थीं। 

इन कंपनियों का टर्न ओवर 5, 000 से 50,000 डॉलर दिखाया गया, इंडियन एक्सप्रेस का दावा है कि जिन जहाजों से कंपनियां व्यापार करती थीं, वे करोड़ों डॉलर के थे। अमिताभ इन कंपनियों के प्रबंध निदेशक थे। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, जांच में पाए गए तथ्यों पर अमिताभ ने अब तक अपना पक्ष नहीं रखा है। अमिताभ की बहू एश्‍वर्या रॉय और उनके परिवार के सदस्य तीन साल तक ऐसी कंपनी से जुडे़ रहे, जो कि ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में पंजीकृत थी। 

'पनामा पेपर्स' के खुलासों के बाद केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। वित्तमंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को कहा कि पनामा पेपर्स लीक में सामने आए दस्तावेजों की जांच के लिए कई जांच एजेंसियों को मिलाकर एक समूह बनाया गया है। 

उल्लेखनीय है‌ कि सोमवार को इंडियन एक्सप्रेस ने टेक्स हैवन के रूप में कुख्यात मुल्क पनामा की फर्म मोजाक फोंसेका के लाखों दस्तावेजों की जांच के बाद तकरीबन 500 भारतीयों के नामों का खुलासा किया है, जिन्होंने टेक्स नियमों का उल्लंघन कर विदेशों में पैसे जमा किया। इनमें अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या रॉय और कई उद्योगपतियों का नाम है।

जेटली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पनामा पेपर्स लीक मामले का जांच का आदेश खुद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे खुलासों का सामाने आना स्वस्‍थ परंपरा है। विदेशो में गैर कानूनी तरीकों से धन जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जेटली ने बताया कि जांच के लिए बनाई गई एजेंसियों में सीबीडीटी और आरबीआई भी शामिल हैं। 

इंडियन एक्‍सप्रेस ने पनामा की लॉ फर्म मोजाक फोंसेका की गोपनीय फाइलों के 11 मिलियन दस्तावेजों की जांच के बाद दावा किया कि 500 भारतीय नागरिकों ने संभवतः टेक्स के नियमों का उल्‍लंघन किया या विदेशों में फर्जी कंपनियां बनाकर काला धन छिपाया।

समाचार पत्र ने दावा किया ‌कि ऐश्वर्या रॉय ब्रिटिश वर्जिन आईलैंड की एक फर्म में शेयर होल्डर थीं, जबकि अमिताभ बच्चन बहामास की चार शिपिंग कंपनियों के डायरेक्टर थे। इं‌डियाबुल्स के मालिक समीर गुलाटी ने बहामास और जर्सी की कंपनियों के जरिए लंदन में प्रॉपर्टी की खरीद की। डीएलएफ प्रमोटर केपी सिंह और परिजनों की भी ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड में कंपनियां हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी गौतम अडानी के बड़े भाई विनोद अडानी, पश्चिम बंगाल के राजनीतिज्ञ शिशिर बाजोरिया और आंध्र प्रदेश की लोकसत्ता पार्टी के पूर्व नेता अनुराग केजरीवाल का नाम भी काला धन छिपाने वालों की सूची में शामिल है।

पीलीभीत एनकाउंटर मामला: 47 दोषियों को उम्रकैद

कोर्ट - फोटो : demo pics
पीलीभीत में 25 साल पहले हुए एक फर्जी मुठभेड़ के मामले में सोमवार को सीबीआई कोर्ट ने दोषियों को सजा सुनाई। सीबीआई कोर्ट ने सभी 47 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। ये सभी पुलिस वाले हैं। 

इसके साथ दोषी थानाध्यक्षों पर 11-11 लाख, सब इस्पेक्टरों पर सात-सात लाख और सिपाहियों पर ढाई-ढाई लाख का जुर्माना लगाया गया है। ये सारा जुर्माना मिलाकर पीड़ित परिवारों को 14-14 लाख रुपये दिए जाएंगे।
 
इस घटना में 47 पुलिसवालों ने तीर्थ यात्रियों से भरी बस से 10 सिख युवकों को उतारकर उन्हें आतंकी बताकर मौत के घाट उतार दिया था।

बीते दिनों सीबीआई की विशेष अदालत ने पीलीभीत में हुई मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए मामले में 47 पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराया। पुलिस ने तीर्थ यात्रियों से भरी बस से 10 सिख युवकों को उतारकर उन्हें आतंकी बताकर मौत के घाट उतार दिया था।

इस मामले में मुकदमे की सुनवाई के दौरान 10 आरोपी पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है। बचे दोषी पुलिसकर्मियों को अदालत ने आज सजा सुनाई।

शुक्रवार को सीबीआई के विशेष न्यायाधीश लल्लू सिंह ने अपने आदेश में कहा था कि 12 जुलाई 1991 को तीर्थ यात्रा के लिए जा रही बस से पुलिसवालों ने 10 युवकों को नदी के किनारे उतार कर नीली बस में बिठाया और दिन भर इधर-उधर घुमाने के बाद रात में युवकों को तीन गुटों में बांट लिया।

एक दल ने 4, दूसरे दल ने 4 और तीसरे दल ने दो युवकों को कब्जे में लेकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों के जंगलों में ले जाकर मार डाला।

इसमें कोई संदेह नहीं है कि  थाना बिलसंडा के फगुनईघट में चार सिखों की हत्या और पोस्टमार्टम के बाद आननफानन में अंत्येष्टि कर दी गई। वहीं थाना न्यूरिया के धमेला कुआं व थाना पूररनपुर के पत्ताबोझी जंगल में भी सिखों की हत्या की गई।

पीलीभीत फर्जी मुठभेड़ कांड को अंजाम देने के लिए यूपी पुलिस ने 12 घंटे पहले 25 लोगों से भरी बस को हाईजैक जैसा कर लिया था। इस पुलिस समय सभी लोग पुलिस के बंदी रहे और इटावा से पीलीभीत पहुंचे। 

इन पूरे हालात को बस में सवार छह लोगों ने घटना के आठ दिन बाद ही मानवाधिकार संगठन एशिया वॉच से बातचीत में बताया था। 21 अगस्त 1991 को हुई इस बातचीत में जोगिंदर कौर, जागीर कौर, प्रकाश कौर, लखबीर कौर, करतार सिंह और पाल सिंह शामिल थे।
 
दिल्ली में गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब में हुई इस बातचीत में उन्होंने घटना की दिल दहला देने वाली तफसील बयान की थी। प्रकरण की शुरुआत 29 जून 1991 को हुई जब पीलीभीत के निकट नालिटाल से 25 लोगों को लेकर एक बस उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, और महाराष्ट्र में स्थित सिख धर्म स्थलों की तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुई। 

इनमें दो बुजुर्गों सहित तेरह पुरुष, नौ महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे। यह यात्रा 13 जुलाई को खत्म होनी थी। 11 जुलाई की रात बस इटावा पहुंची, यहां रात में विश्राम किया गया और सुबह यात्रा फिर शुरू की गई।

वर्ल्ड इलेवन के कप्तान बने कोहली, टीम में आशीष नेहरा भी

virat kohli - फोटो : pti
टीम इंडिया की रनों की मशीन और टी-20 वर्ल्ड कप 2016 में मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे विराट कोहली वर्ल्ड इलेवन टीम के कप्तान चुने गए हैं। इतना ही नहीं टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आशीष नेहरा भी टीम में शामिल हुए हैं।

टी-20 वर्ल्ड कप के बाद सोमवार को पूर्व क्रिकेटरों और कमेंटरों के चयनित ग्रुप द्वारा टी-20 की महिला और पुरुष दोनों में बेस्ट टीम चुनी गई। इसमें भारत के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली कप्तान चुने गए।

इस भारतीय स्टार ने टूर्नामेंट में 136.50 के औसत से सर्वाधिक 273 रन बनाए, इतना ही नहीं सेमीफाइनल मुकाबले में एक विकेट भी झटका। टूर्नामेंट में कोहली ने 146.77 के स्ट्राइक रेट से तीन फिफ्टी भी ठोंकी। कोहली के बल्ले से इस टूर्नामेंट में 29 बाउंड्री और 5 छक्के निकले।

वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज आशीष नेहरा वर्ल्ड कप में शानदार रहे। उन्होंने भारतीय टीम को कई महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट दिलाए। हालांकि पांच मुकाबलों में वह सिर्फ 5 विकेट ही झटक पाए लेकिन उनका प्रदर्शन शानदार रहा और अपनी टीम के फायदेमंद रहा।

दो भारतीय क्रिकेटरों के अलावा वर्ल्ड इलेवन में इंग्लैंड के चार क्रिकेटर, वेस्टइंडीज के 2 जबकि दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के एक-एक क्रिकेटर को चुना गया। हालांकि 12 वें क्रिकेटर के तौर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को भी लिया गया।

वहीं, महिलाओं की वर्ल्ड इलेवन टीम में भारतीय टीम को निराशा हाथ लगी। मिताली एंड कंपनी से कोई क्रिकेटर नहीं चुना गया। सर्वाधिक 4 क्रिकेटर न्यूजीलैंड के, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज से दो-दो क्रिकेटर चुने गए। जबकि पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका से एक-एक क्रिकेटर चुना गया। कप्तान के तौर पर वर्ल्ड कप विजेता टीम वेस्टइंडीज की कप्तान स्टेफनी टेलर को कप्तान चुना गया।

महबूबा मुफ्ती बनीं J&K की पहली महिला मुख्यमंत्री

महबूबा मुफ्ती - फोटो : gettyimages
पीडीपी  प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। वह जम्मू कश्मीर की पहली महिला और देश की दूसरी मह‌िला मुस्ल‌िम मुख्यमंत्री हैं। महबूबा (56) को राज्यपाल एन.एन. वोहरा ने पद की शपथ दिलाई।

महबूबा मुफ्ती ने जम्मू कश्मीर की 13वें मु्ख्यमंत्री के रुप में शपथ ली। भाजपा-पीडीपी की इस सरकार में 22 मंत्र‌ियों ने शपथ ली हैं। भाजपा विधायक दल के नेता डॉ. निर्मल सिंह डिप्टी सीएम बने।

महबूबा मुफ्ती के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही राज्य में पिछले तीन माह से अधिक समय से चला आ रहा राज्यपाल का शासन खत्म हो गया। जम्मू कश्मीर में मुफ्ती मोहम्मद सईद के न‌िधन के बाद से गठबंधन सरकार में लगातर चल रहे व‌िवादों के चलते राज्य में राज्यपाल शासन लागू कर द‌िया गया था।

पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का कांग्रेस बहिष्कार क‌िया। पार्टी का कोई भी विधायक या नेता शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं ल‌िया।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश और फिर उत्तराखंड में निर्वाचित सरकारों को मोदी सरकार ने बर्खास्त कर लोकतंत्र विरोधी कार्य किया है। विपक्ष को कुचलने के मोदी सरकार के तानाशाही वाले कदमों का कांग्रेस पूरे देश की तरह जम्मू-कश्मीर में भी विरोध कर रही है।

प्रदेश कांग्रेस ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया है कि पार्टी का कोई भी नेता और विधायक शपथ ग्रहण समारोह में नहीं जाएगा। कहा कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन को कांग्रेस अपवित्र मानती है। यह गठबंधन केवल सत्ता की मौकापरस्ती के अलावा कुछ नहीं है।

कांग्रेस नई पीडीपी -भाजपा गठबंधन सरकार का कड़ा विरोध करेगी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस रियासत में सशक्त विपक्ष की भूमिका का पूरी इमानदारी से निर्वाह करेगी और जहां भी सरकार अवाम के हितों को नजरअंदाज करेगी, कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी। 

महबूबा मुफ्ती टीम:-

पीडीपी से
अब्दुल रहमान , गुलाम नबी लोन, अब्दुल हक खान, सैयद बशारत बुखारी, डॉ हसीब द्राबू, चौधरी जुल्फिकार अली, सैयद नईम अख्तर, इमरान रजा अंसारी, आसिया नक्काश, सैयद फारूक अहमद अंद्राबी, जहूर अहमद मीर।

भाजपा की ओर से
निर्मल सिंह, चंद्र प्रकाश, बाली भगत, लाल सिंह, छेरिंग दोरजी, शाम लाल चौधरी, अब्दुल गनी कोहली, सुनील कुमार शर्मा, प्रिया सेठी, अजय नंदा।

सज्जाद गनी लोन भी भाजपा कोटे से मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से 60 की मौत

पाकिस्तान में बाढ़ ने मचाई तबाही - फोटो : Reuters
पाकिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से कम से कम 60 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि खैबर पख्तून ख्वाह के कुछ हिस्सों, पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और गिलगित-बल्तिस्तान में शनिवार को बारिश शुरू हुई। मॉनसून से पहले की इस बारिश ने पाकिस्तान के देहाती इलाकों में बहुत तबाही फैलाई है और लोगों से अपने घर छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी लतीफ-उर-रहमान के हवाले से बताया है कि बहुत से घायलों को अस्तपाल में भर्ती कराया गया है। उत्तरी स्वात घाटी में रहने वाली हबीब ख़ा ने एक स्थानीय टीवी चैनल को बताया, "हमें हमारे हाल पर छोड़ दिया गया है।

सरकार से कोई भी हमारी मदद के लिए नहीं आ रही है।" वहीं अधिकारियों का कहना है कि तंबू और अन्य राहत सामग्री प्रभावित इलाकों में भेजी जा रही है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
विज्ञापन

हिंदू सेना की धमकी और प्रदर्शन के चलते दिल्ली में रद्द हुआ गुलाम अली का कार्यक्रम

धमकी और प्रदर्शन के चलते दिल्ली में रद्द हुआ गुलाम अली का कार्यक्रम - फोटो : PTI
पाकिस्तान के मशहूर गजल गायक गुलाम अली का दिल्ली के एक होटल में आज होने वाला कॉन्सर्ट खुद होटल द्वारा रद्द कर दिया है। होटल के ऐसा करने की वजह है हिंदू सेना की धमकी व प्रदर्शन।

बता दें कि ‌आज दिल्ली के होटल रॉयल प्लाजा में गजल गायक गुलाम अली फिल्म 'घर वापसी' के म्यूजिक लॉन्च के लिए आने वाले थे, लेकिन अब इसे होटल ने रद्द कर दिया है।

होटल अधिकारियों ने गुलाम अली का कार्यक्रम रद्द करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें हिंदू सेना और बजरंग दल से धमकियां मिल रही हैं। खबर है कि हिंदू सेना होटल के बाहर ही प्रदर्शन कर रही है।

मालूम हो कि जिस फिल्म 'घर वापसी' के म्यूजिक लॉन्च के लिए दिल्ली आने वाले थे उसका निर्माण टीवी पर प्रसारित होने वाले लोकप्रिय कार्यक्रम 'फ्यूगिटिव द मोस्ट वांटेड' के प्रस्तुतकर्ता सुहेब इलियासी कर रहे हैं।

सुहेब ने इसे लेकर कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता के खिलाफ फोन पर धमकी देने के लिए भी रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गौरतलब है कि फिल्म घर वापसी में गजल गायक गुलाम अली ने एक भारतीय देशभक्ति का गीत बनाया और गाया है। घर वापसी शब्द 2014 में खासा उपयोग किया गया जिसका मतलब धर्मांतरण से लगाया जाता है।

यह पहला मामला नहीं है जब गुलाम अली के कार्यक्रम का विरोध हुआ है। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में पहली बार शिवसेना ने गुलाम अली के महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम का विरोध किया था। उसके बाद तो कई जगह उनके कार्यक्रम का विरोध हुआ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें