फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहीद मेजर की बहनों ने आखिरी बार अपने भाई को राखी बांध दी विदाई, यह दृश्य देख फूट-फूटकर रोई पत्नी

Fri, 10 Aug 2018 02:09 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
विज्ञापन

जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए मेजर कौस्तुभ प्रकाश राणे को गुरुवार (9 अगस्त) को महाराष्ट्र के ठाणे में अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान हजारों की भीड़ सड़कों पर मौजूद थी और देश के बहादुर बेटे को फूल-मालाओं के साथ विदाई दे रही थी। शहीद मेजर की पत्नी कनिका राणे समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। शहीद राणे का एक ढाई साल का बेटा भी है, जिसका नाम अगस्त्य है। कनिका राणे जब अपने बेटे को गोद लिए बिलख रही थी, वहां मौजूद ऐसा कोई शख्स नहीं होगा जिसकी आंखें न भर आई हों।

विज्ञापन


इस दौरान जब सेना के अफसरों ने कनिका राणे को वो तिरंगा सौंपा, जिसमें लिपटकर शहीद मेजर अपनी अंतिम यात्रा पर निकले थे, उसे हाथ में लेते ही कनिका राणे फूट-फूटकर रोने लगीं। ये दृश्य इतना हृदयविदारक था कि आसपास के सभी लोग शहीद की पत्नी को देखकर रोने लगे।

शहीद मेजर के पार्थिव शरीर को फूलों से सजे सेना के ट्रक में मीरा रोड स्थित आवास से श्मशान ले जाया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर मौजूद होकर शहीद को अंतिम विदाई दे रहे थे। आवासा से श्मशान तक का पूरा रास्ता फूलों से पट गया था। कईयों की आंखों में आंसू थे तो कई लोग देश के बहादुर बेटे पर फख्र महसूस करते हुए 'जय हिंद' और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे।  
विज्ञापन


शहीद मेजर कौस्तुभ प्रकाश राणे का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। इस दौरान श्मशान घाट पर लोगों ने 'वंदे मातरम', 'भारत माता की जय', 'जय हिंद' और 'मेजर कौस्तुभ राणे अमर रहें' के नारे लगाए।

श्मशान घाट पर शहीद मेजर की पत्नी भी अपने बच्चे के साथ उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए आई थीं। उनकी आंखों में आंसुओं का जैसे सैलाब टूट पड़ा था। वो दहाड़े मारकर रो रही थीं। इस दौरान मेजर राणे के माता-पिता भी फूट-फूटकर रो रहे थे। उन्होंने अपने बेटे की पसंदीदा चॉकलेट उनकी चिता पर रखकर अंतिम विदाई दी।

वहीं, मेजर राणे की बहनों ने भी उन्हें आखिरी बार राखी बांधी और विदाई दी। शहीद मेजर राणे को उनके पिता ने मुखाग्नि दी। शहीद के अंतिम संस्कार में श्मशान घाट पर स्थानीय नेताओं के अलावा दक्षिणी-पश्चिमी सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल चेरिश मैथसन और सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने भी सलामी देकर वीर जवान को श्रद्धांजलि दी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें