भारत के पूर्वी समुद्री तट की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दो नए अत्याधुनिक एयर कुशन वाहन (एसीवी) एच-561 और एच-562 सात नवंबर को पश्चिम बंगाल के हल्दिया स्थित अपने निर्धारित बेस पहुंच गए। इनके जल्द ही औपचारिक रूप से सेवा में शामिल होने की संभावना है।
स्वदेशी तकनीक से हुआ निर्माण
इन दोनों वाहनों का निर्माण गोवा की कंपनी चौगुले एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत किया है। आधुनिक तकनीक और बेहतर परिचालन क्षमताओं से लैस ये वाहन समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में तटरक्षक बल की ताकत बढ़ाएंगे।
सुंदरबन की सुरक्षा में निभाएंगे अहम भूमिका
नए एयर कुशन वाहन दो दशक से अधिक समय तक सुंदरबन क्षेत्र की सुरक्षा में सेवाएं देने वाले पुराने एसीवी एच-182 और एच-186 की जगह लेंगे। सुंदरबन का इलाका नदियों, दलदली भूमि, विस्तृत कीचड़ वाले तटीय क्षेत्रों और जटिल जलमार्गों के कारण सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है।
तेज रफ्तार और निगरानी क्षमता से लैस
नए वाहनों में बेहतर गति और उन्नत निगरानी प्रणाली उपलब्ध है। इनके माध्यम से समुद्री निगरानी, तटीय गश्त और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी। इससे पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों और सुंदरबन में समुद्री सीमाओं की सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है। तटरक्षक बल के अनुसार, इन वाहनों की तैनाती से राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा और तटीय सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।