तेलंगाना पुलिस ने गुरुवार को भद्राद्री कोठागुडम जिले में सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने की माओवादियों की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने जिले में सड़क के किनारे लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी निष्क्रिय कर दिये।
पुलिस ने बताया कि इन आईईडी में पांच से छह किलोग्राम विस्फोटक एवं अन्य सामग्रियां भरी हुई थीं जिन्हें एक बक्से और प्रेशर कुकर में लगाया गया था। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की सीमा से लगने वाले भद्राद्री कोठागुडम के चार्ला मंडल में तालीपेरु मध्यम सिंचाई योजना के पास ये विस्फोटक लगाए गए थे।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और राज्य में तैनात पुलिस की एक संयुक्त टीम ने इन विस्फोटकों का पता लगाया। जिला पुलिस अधीक्षक सुनील दत्त ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कानून की परवाह न करने वाले माओवादियों द्वारा लगाए गए इन आईईडी का पता लगाकर इन्हें निष्क्रिय कर दिया गया।
पिछले महीने भाकपा (माओवादी) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम जिले के अराकु इलाके में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के एक मौजूदा विधायक एवं एक पूर्व विधायक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।