ओडिशा के जाजपुर में दो राजनीतिक नेताओं के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने बताया कि रविवार को एक निर्दलीय विधायक और बीजद नेता के समर्थकों के बीच झड़प में कम से कम 15 लोग घायल हो गए, जिनमें से पांच गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले में जेनापुर पुलिस स्टेशन के तहत पंतूरी के पास बीजद नेता और पूर्व धर्मशाला विधायक प्रणब कुमार बलबंतराय के फार्महाउस में हुई झड़प में बाइक और कारों सहित कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। उन्होंने बताया कि घायलों को धर्मसाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, और बाद में उनमें से पांच को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
फार्महाउस में घुसकर हमला करने का आरोप
बताया जा रहा है कि बलबंतराय के करीब 30 से ज्यादा बीजद कार्यकर्ता, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, वो सब फार्महाउस में दावत कर रहे थे। बलबंतराय ने आरोप लगाया कि धर्मशाला के निर्दलीय विधायक हिमांशु शेखर साहू के लगभग 50 समर्थक घातक हथियारों के साथ फार्महाउस में घुस गए और बिना किसी उकसावे के बीजद कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया, जिससे उनमें से 15 घायल हो गए, जिनमें से पांच गंभीर रूप से घायल हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने फार्महाउस में खड़ी चार कारों सहित 20 से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हमले को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए बलबंतराय ने कहा कि यह लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दुश्मनी का नतीजा है।
पहले भी हो चुकी है इस तरह की घटना
उन्होंने कहा कि यह पहला मामला नहीं है, और पिछले विधानसभा चुनावों और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के बाद भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं। बता दें कि 2024 के विधानसभा चुनावों में बलबंतराय धर्मशाला सीट पर साहू से हार गए थे।
बीजद नेता ने कहा, "हमने इस घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हमें जाजपुर पुलिस पर भरोसा नहीं रहा। हम इस मामले को पुलिस महानिदेशक (DGP) के पास ले जाएंगे।" इस बीच, कई BJD नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में DGP के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया, और हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।
ये भी पढ़ें: Mercy Petition: राष्ट्रपति ने मासूम से दुष्कर्म और हत्या के दोषी की दया याचिका की खारिज, 2012 की है घटना
दोनों पक्षों ने दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई
दूसरी ओर साहू के एक समर्थक ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी कार से उस रास्ते से गुजर रहा था, तो बलवंतराय के समर्थकों ने उस पर हमला किया। वहीं जेनापुर पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में दोनों पक्षों ने दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। जेनापुर पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर इंचार्ज निरुपमा जेना ने कहा, "हमने घटना की जांच शुरू कर दी है।"
हालांकि, पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस साल अप्रैल में मौजूदा धर्मशाला विधायक हिमांशु शेखर साहू के कुछ समर्थकों ने कथित तौर पर बलवंतराय पर हमला किया था और उनकी कार में तोड़फोड़ की थी।
अन्य वीडियो