महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में ट्रक और एक कार की टक्कर होने से तीन साल के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के मजदूर थे और काम के सिलसिले में तेलंगाना के करीमनगर जा रहे थे।
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सोमवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने एक एसयूवी को टक्कर मार दी। हादसे में तीन साल के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल मजदूर थे और मध्य प्रदेश के बालाघाट से तेलंगाना के करीमनगर काम के लिए जा रहे थे।
ट्रक ने कार में मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के मुताबिक, हादसा जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास हुआ। सामने से आ रही एसयूवी को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने लोगों को वाहन से बाहर निकाला। छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं सभी मृतक
मृतकों की पहचान किरण संतोष वैद्य (26), संतोष मत्रे (38), सुशीला मत्रे (35), रूपसेन तेजलाल सत्याकर (35), ज्योति रूपसेन सत्याकर (32) और तीन वर्षीय आरुष मत्रे के रूप में हुई है। सभी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील के रहने वाले थे। पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (32) के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।