ब्लास्ट के बाद कुछ देर बाद भी चिमनी के हिस्से गिरे।
- फोटो : अमर उजाला
इस साल चिमनी पहली बार फूंकी जा रही थी और इसी मौके पर उद्घाटन के समय यह विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चिमनी में जरूरत से ज्यादा लकड़ी भड़ने से आग और धुआं का प्रेशर ज्यादा बनने से तेज धमाका हुआ। उद्घाटन में जुटे ग्रामीणों की भीड़ पर चिमनी टूटकर गिरी और इसमें दबे लोग छटपटा भी नहीं सके। गरम और भारी चिमनी के अंदर 9 लोगों की मौत हो गई। धमाके के कारण मची अफरातफरी के बीच ही पुलिस-प्रशासन की मदद से 15 लोगों को रामगढ़वा अस्पताल भेजा गया। उनमें से गंभीर को रक्सौल के एसआरपी हॉस्पिटल भेजा गया। अफरातफरी संभलने के बाद 10 से ज्यादा लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई।
घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक ने समय पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर दमकल की कई गाड़ियों को लगाया गया था। घटना की जानकारी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। ईश्वर प्रभावित परिवारों को यह क्षति सहन करने की शक्ति दे। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी घायलों को अच्छा इलाज मिले।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मोतिहारी ईंट भट्ठा विस्फोट की घटना के मद्देनजर मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की शनिवार को घोषणा की। कुमार ने कहा कि "घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। मोतिहारी में ईंट भट्ठे में हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे।"
पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया एलान
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंट भट्ठे में विस्फोट के बाद हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। पीएमओ ने ट्वीट किया, "मोतिहारी में एक ईंट भट्ठे में हुई दुर्घटना के कारण हुई जनहानि से पीएम मोदी दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के लिए प्रार्थना की। प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी