पश्चिम बंगाल में कोलकाता से सटे हावड़ा के सांतरागाछी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम ओवरब्रिज पर मची भगदड़ में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 घायल हो गए। इनमें दो बच्चे भी हैं। हादसा शाम साढ़े छह बजे हुआ। अब खबर आई है कि रेलवे ने इस हादसे की जांच के लिए एक जांच समिति बनाई है। साथ ही घायलों के इलाज का खर्च भी रेलवे ही उठाएगा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संतरागाछी स्टेशन पर एक पैदल पारपुल पर भगदड़ को लेकर मंगलवार को रेलवे पर लापरवाही और बेरूखी बरतने का आरोप लगाया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। घटना के बाद ममता बनर्जी ने स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति को रोकने के लिए और अधिक आंतरिक समन्वय होना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि समन्वय में कमी है और रेलवे को इसे देखना चाहिए। उसे दो ट्रेनों के आगमन के बीच कुछ समय अंतराल देना चाहिए ताकि यात्री प्लेटफॉर्म बदल सकें।’’ ममता ने कहा, ‘‘ऐसी स्थितियां लापरवाही और बेरूखी के कारण हुई है और रेलवे को जिम्मेदार तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए।’’
रेल मंत्री रह चुकीं ममता ने कहा कि अगर एहतियात बरती जाए तो भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने संतरागाछी भगदड़ में मार गये लोगों के परिवारों के लिए पांच- पांच लाख रुपये और घायल हुए लोगों के लिए एक- एक लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की।