Mansukh Hiren scorpio was found near Mukesh ambani residence
- फोटो : Amar Ujala
मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर जिलेटिन की छड़ों से भरी स्कॉर्पियो के कथित मालिक मनसुख हिरेन की मौत मामले में महाराष्ट्र एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने कहा कि निलंबित पुलिस कॉन्स्टेबल विनायक शिंदे और एक बुकी नरेश धरे को गिरफ्तार किया गया है। मनसुख हिरने की मौत के पीछे में इन दोनों का हाथ बताया जा रहा है।
मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर जिलेटिन की छड़ों से भरी स्कॉर्पियो मिले के कुछ दिनों बाद हिरेन का शव नदी किनारे पाया गया था। यह जानकारी शनिवार को अधिकारियों ने दी। एंटीलिया मामले से जुड़े मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है। एनआईए ने सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाजे को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया है, ऐसा कहा जा रहा है कि एसयूवी हिरेन की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्रालय ने मनसुख हिरन की मौत की जांच एनआईए को सौंपी है। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) अभी तक मामले की जांच कर रहा था। हिरेन पांच मार्च को मुंबई के पास एक नदी किनारे मृत पाए गए थे। शुरुआत में मुंबई पुलिस ने हिरने की मौत को आत्महत्या का मामला बताया था। बाद में हिरेन की पत्नी ने अपने पति की संदिग्ध तरीके से हुई मौत में वाजे के संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद इस मामले की जांच शुरू हुई, तो महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मच गया।
बता दें कि ठाणे के व्यवसायी मनसुख हिरन की मौत की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई है। इस संबंध में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिया था। मनसुख हिरेन की मौत के मामले की जांच पहले एटीएस द्वारा की जा रही थी और इसकी निगरानी मुख्य अतिरिक्त महानिदेशक जय जीत सिंह और उप महानिरीक्षक शिवदीप लांडे कर रहे थे। मनसुख हिरेन के लापता होने के कुछ दिन उनका शव ठाणे में एक क्रीक में पाया गया था।