दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि राजधानी में भी पूर्वांचलियों के खिलाफ गुजरात जैसी साजिश रचने की कोशिश की गई लेकिन इसे समय रहते नाकाम कर दिया गया। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत एक अखबार की शक्ल का पोस्टर बनाया गया जिसमें भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी के माध्यम से पूर्वांचलियों के खिलाफ अभद्र बात कही गई।
लेकिन जब इसकी जांच की गई तो पता चला कि ऐसी कोई बात भाजपा सांसद ने कही ही नहीं थी। पोस्टर में भी न तो अखबार का नाम है और न ही इसे लिखने वाले संवाददाता का नाम है। इसी से यह जाहिर हो गया कि यह सोची समझी साजिश का नतीजा है।
भाजपा नेता तिवारी ने रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गुजरात में भी कांग्रेस के कुछ लोगों के द्वारा भाजपा को बदनाम करने की साजिश की गई, लेकिन इसकी सच्चाई जल्दी ही लोगों के सामने आ गई और पता चला कि कांग्रेस का ही एक नेता अल्पेश ठाकोर इसके पीछे जिम्मेदार था। अब उसी तरह की साजिश दिल्ली में भी रचने की कोशिश की गई।
इस अवसर पर उपस्थित रमेश बिधूड़ी ने कहा कि पिछले चुनाव में भी उनके खिलाफ इसी तरह की साजिश हुई थी। एक अखबार के नाम से मेरे बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी हुई दिखाकर आप नेता राघव चढ्ढा ने ट्वीट कर दिया। लेकिन जब उन्होंने कथित अखबार में उस खबर की सत्यता के बारे में फोन किया तब उन्हें पता चला कि उसने ऐसी कोई खबर छापी ही नहीं थी।
इसके बाद राघव चड्ढा ने उनसे लिखित माफी मांगी थी। बिधूड़ी ने कहा कि अब चूंकि चुनाव आ रहे हैं, एक बार फिर उसी तरह की साजिश रचने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन लोगों की सूझबूझ से यह टल गया। दोनों नेताओं ने खबरों के नाम पर कुछ भी सामने आने पर सतर्क रहने को कहा।