आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों को राष्ट्रपति द्वारा अयोग्य घोषित कर देने के बाद पार्टी में रोष साफ दिखाई दे रहा है। इसी संदर्भ में मनीष सिसोदिया अपने एक ट्वीट में दिल्ली की जनता से कुछ सवालों के जवाब मांग रहे हैं।
मनीष सिसोदिया ने सोमवार को दिल्ली वालों के नाम एक पत्र ट्वीट किया और कहा कि यह दिल्ली की जनता को मेरा पत्र है। क्या चुने हुए विधायकों को इस तरह गैर-संवैधानिक और गैर-कानूनी तरीके से बर्खास्त करना सही है? क्या दिल्ली को इस तरह चुनावों में धकेलना ठीक है? क्या ये गंदी राजनीति नहीं है?
मनीष सिसोदिया ने अपने इस खत में 20 विधायकों को अयोग्य घोषित करने के फैसले को लेकर केंद्र सरकार को दोषी ठहराया है और कहा है कि 'केंद्र सरकार दिल्ली सरकार को काम नहीं करने दे रही है। साथ ही सीएम केजरीवाल को बार-बार परेशान कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि 'बीजेपी आप के काम करने की गति से डर रही है। भाजपा का ग्राफ तेजी से गिर रहा है। ये लोग सीएम केजरीवाल को हर हाल में रोकना चाहते हैं।'
आपको बता दें कि, रविवार को ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में 20 विधायकों को अयोग्य घोषित करने की चुनाव आयोग की सिफारिश को राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी थी। राष्ट्रपति की मुहर के बाद इस निर्णय की अधिसूचना जारी कर दी गई है। केजरीवाल ने इन 20 विधायकों को संसदीय सचिव बनाया था।