Manipur: मणिपुर के राज्यपाल की अपील पर जोमी और कुकी समुदाय के प्रतिनिधियों ने लूटे गए 16 हथियार और गोला-बारूद सुरक्षा बलों को सौंपे। वहीं, कोकोमी ने हथियार लौटाने के लिए और समय की मांग की। वहीं, सुरक्षा बलों ने छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए।
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की अपील पर जोमी और कुकी समुदाय के प्रतिनिधियों ने चुराचंदपुर में असम राइफल्स, सीआरपीएफ, राज्य प्रशासन, पुलिस और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में लूट के 16 हथियार और गोला-बारूद लौटा दिए।
विज्ञापन
20 फरवरी को राज्यपाल ने मणिपुर के सभी समुदायों से अपील की थी कि वे लूटे गए पुलिस हथियार के अलावा अवैध रूप से रखे गए हथियार 7 दिनों के भीतर सौंप दें। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसा नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्यपाल की अपील के बाद सुरक्षाबलों ने राज्य खुफिया एजेंसियों और प्रशासन के साथ मिलकर स्थानीय जोमी और कुकी नेताओं से संपर्क किया, ताकि राज्य में शांति बहाली के लिए सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर किया जा सके। शनिवार को चुराचंदपुर में दो समुदायों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में लूट के हथियार लौटा दिए। अधिकारियों ने इस कदम की सराहना की और इसे शांति निर्माण प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कोकोमी ने मांगा और समय
इस बीच, मणिपुर अखंडता पर समन्वय समिति (कोकोमी) ने लूट के हथियारों को लौटाने के लिए और समय की मांग की है। समिति ने कहा कि हथियारों को लौटाने के लिए सात दिनों का समय बहुत कम है। इसमें वास्तविक संवाद, हितधारकों और जनता के साथ सटीक विचार-विमर्श की संभावना नहीं है।
विज्ञापन
6 उग्रवादियों समेत 8 लोग गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले में छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुए हैं। इसके अलावा जबरन वसूली के आरोप में इंफाल पूर्व जिले से दो अन्य लोग भी गिरफ्तार किए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को इंफाल पश्चिम जिले से गिरफ्तार किए गए 6 उग्रवादी प्रतिबंधित संगठन कांगलीपक कम्युनिस्ट पार्टी (ईबंगो नांगोम) के सदस्य हैं। इनके पास से 12 हथियार, जिंदा कारतूस, 5 आईईडी, 2 राइफल, छह और पांच किलोग्राम के दो बम और डेटोनेटर बरामद हुए हैं। साथ ही इंफाल पूर्व जिले से गिरफ्तार जी-5 संगठन के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया है। सेकमाई, इरिलबुंग, कोइरेन्गेई और पाटसोई इलाकों में ये लोग बालू लदे ट्रकों से पैसों की उगाही करते थे। इनकी पहचान एनवाई सिंह (43) और उशम नेताजी सिंह (35) के रूप में हुई है।