मणिपुर में पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। मणिपुर पुलिस का कहना है कि राज्य के हालात अभी भी तनावपूर्ण हैं। पुलिस ने बताया कि इंफाल पूर्व और इंफाल पश्चिम जिलों में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न जगहों से चार बंदूकें, 38 गोला-बारूद और आठ बम बरामद किए गए हैं। इनके अलावा पुलिस ने काकचिंग, कांगपोकपी और थाउबल जिलों में भी पुलिस ने सर्च अभियान चलाए।
राज्य में हालात तनावपूर्ण
पुलिस का कहना है कि बीते 24 घंटे में राज्य में हालात तनावपूर्ण थे और इस दौरान कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने इकट्ठा होने की कोशिश की। पुलिस ने मणिपुर में अलग-अलग जिलों में 123 चेकपॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस ने विभिन्न जिलों से 1581 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें और फर्जी वीडियो का सोशल मीडिया पर शेयर ना करें। पुलिस ने एक नंबर 9233522822 जारी किया है, जिस पर लोग अफवाहों के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस ने लोगों से ये भी अपील की है कि पुलिस और सुरक्षाबलों से लूटे गए हथियार और गोला बारूद वह अपने नजदीकी पुलिस थाने में जमा करा दें।
ऑनलाइन कर सकते हैं पासपोर्ट के लिए अप्लाई
मणिपुर के शिक्षा मंत्री आरके रंजन सिंह ने कहा है कि 'उन्हें कुछ खबरें मिली थी कि इंफाल में पासपोर्ट सेवा केंद्र बंद हैं। ऐसे में मैं लोगों को सूचित करना चाहता हूं कि इंफाल में हिंसा भड़कने और इंटरनेट पर प्रतिबंध के बाद पासपोर्ट सेवा केंद्र को बंद कर दिया गया था। हालांकि आपात स्थिति में संबंधित व्यक्ति से विनती करने के बाद गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से भी नए पासपोर्ट बनाए जा रहे हैं। अब हालात नियंत्रण में है और कई जगहों पर इंटरनेट भी काम कर रहा है। ऐसे में मैं लोगों से अपील करता हूं कि वह ऑनलाइन पासपोर्ट के लिए अप्लाई कर सकते हैं।'