केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए सरकार की पहल को लोगों का मजबूत समर्थन मिल रहा है। शाह राज्य के अपने दौरे के तीसरे दिन हिंसा पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने के मुहिम में जुटे। उन्होंने जहां कांगपोकपी में कुकी राहत शिविर का दौरा कर पीड़ितों की बातें सुनीं वहीं इंफाल में एक राहत शिविर में मैतेई शरणार्थियों की पीड़ा भी सुनी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने डॉक्टरों की टीम तैनात की
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हिंसाग्रस्त इलाकों में डॉक्टरों की कई टीमें तैनात की हैं। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के निर्देश पर छह टीमें जिनमें हर टीम में चार विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं, वहां भेजी गई हैं।
अरामबाई को गैरकानूनी घोषित करने की मांग
आदिवासियों और कुकी प्रतिनिधियों ने अलग प्रशासन, मोरेह से मणिपुर पुलिस कमांडो की तत्काल वापसी, मैतेई कट्टरपंथी समूहों अरामबाई तेंगगोल और मैतेई लीपुन को गैरकानूनी संगठन घोषित करने, मोरेह में निर्बाध दूरसंचार सेवाएं, इंफाल में वर्तमान संघर्ष से संबंधित अदालती सुनवाई रोकने और स्वास्थ्य सुविधा के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की व्यवस्था करने की मांग उठाई।
बैठक में ये संगठन शामिल हुए...शाह के साथ बैठक में हिल ट्राइबल काउंसिल ऑफ मोरेह, कुकी चीफ्स एसोसिएशन ऑफ टेंग्नौपाल, केएसओ टेंग्नौपाल, मोरेह यूथ क्लब शामिल थे।