मणिपुर के इंफाल जिले में 11 जून से लापता हुए दिव्यांग व्यक्ति का शव मिलने के बाद हंगामा शुरू हो गया। इस मामले में पुलिस ने अरम्बाई टेंगोल के छह सदस्यों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
मणिपुर के इंफाल जिले में लापता हुए दिव्यांग व्यक्ति का शव मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाओबिटेक मायाई लीकाई निवासी चेसम अब्दुल कादिर 11 जून से लापता था। लापता होने से पहले चोरी के आरोप में भीड़ ने अब्दुल पर हमला किया था।
पिछले दो दिनों में कई लोगों की गिरफ्तारी होने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया। जांच में पता चला कि अब्दुल के शव को सामुरू नाओरेम में दफनाया गया था। इस मामले में मैतेई संगठन अरम्बाई तेंगोल के छह सदस्यों सहित नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए अरम्बाई टेंगोल सदस्यों की पहचान लोंगजाम हेंसन (24), थुनाओजाम अशोक सिंह (20) और हुइड्रोम श्यामसुंदर सिंह (30) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है और गहन जांच की जाएगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से जांच में सहयोग करने और शांत रहने का आग्रह किया।
प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे गए
शव बरामद होने के बाद पाओबिटेक में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और स्थानीय लोगों ने सड़कों के बीच टायर जला दिए। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके।