महाराष्ट्र के ठाणे से एक बहुत ही अजीबोगरीब खबर सामने आई है। यहां एक ससुर ने अपने दामाद पर तेजाब से हमला कर दिया। इस हमले के पीछे का कारण बड़ा ही चौंकाने वाला है। दरअसल, 29 साल के नवविवाहित शख्स के साथ हनीमून मनाने को लेकर हुए विवाद के बाद ससुर ने उस पर तेजाब फेंक दिया। इससे वह घायल हो गया।
घायल को अस्पताल में कराया भर्ती
कल्याण इलाके के बाजारपेठ पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक एसआर गौड़ ने बताया कि दामाद इबाद अतीक फाल्के को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि 65 वर्षीय आरोपी जाकी गुलाम मुर्तजा खोटाल फरार है।
यह है मामला
प्राथमिकी के अनुसार, फाल्के ने हाल ही में खोटाल की बेटी से शादी की। वह अपने हनीमून के लिए कश्मीर जाना चाहता था, लेकिन उसके ससुर चाहते थे कि दंपती विदेश में एक धार्मिक स्थान की यात्रा पर जाए। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बुधवार रात फाल्के घर लौटा और उसने अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया।
उसी समय खोटाल अपनी कार में दामाद का इंतजार कर रहा था। जैसे ही फाल्के कार से उतरा वैसे ही बुजुर्ग उसकी ओर दौड़ा और कथित तौर पर उस पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा और शरीर घायल हो गया।
इन धाराओं के तहत केस दर्ज
अधिकारी ने कहा, 'खोटाल फाल्के के साथ अपनी बेटी की शादी खत्म करना चाहता था। वह फिलहाल फरार है और हम उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 124-1 (तेजाब का इस्तेमाल करके जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 351-3 (आपराधिक धमकी) और अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है।'