ममता बनजी की पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है। टीएमसी के कद्दावर मंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद ममता कैबिनेट के एक अन्य मंत्री राजीव बनर्जी ने निशाना साधते हुए कहा है कि जिन्होंने पार्टी नेतृत्व का मजाक बनाया, उन्हें तरजीह मिल रही है, जबकि मेहनती कार्यकर्ताओं को पीछे धकेला जा रहा है।
अगले साल अप्रैल-मई में होने वाले चुनाव के मद्देनजर भाजपा से मिल रही कड़ी चुनौती का सामना कर रही टीएमसी के लिए ममता के मंत्री की टिप्पणी के अच्छे संकेत नहीं हैं। बनर्जी का भाजपा में स्वागत का संकेत देते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, यदि वह सम्मान के साथ काम करना चाहते हैं, तो उन्हें टीएमसी छोड़कर बाहर आ जाना चाहिए।
टीएमसी नेता शुभेंदु के भाजपा में शामिल होते ही गिर जाएगी ममता बनर्जी की सरकार: भाजपा नेता
बंगाल भाजपा के उपाध्यक्ष व बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह ने दावा किया है कि टीएमसी के नेता शुभेंदु अधिकारी अगर भाजपा में शामिल होते हैं तो चुनाव से पहले ही बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार गिर जाएगी।
उन्होंने इससे पहले भी इस तरह का दावा किया था कि टीएमसी के पांच सांसद किसी भी क्षण पार्टी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा, अगर शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल होते हैं तो बंगाल की सरकार चुनाव से पहले ही गिर जाएगी।
मुझे लगता है कि शुभेंदु अधिकारी के पार्टी छोड़ने के बाद कई और नेता भी सरकार से अपना हाथ पीछे खींच लेंगे। पश्चिम बंगाल में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी की निगाहें टीएमसी के कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी के अगले कदम पर टिकी है। बता दें कि उन्होंने कुछ दिन पहले मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वह ममता सरकार में परिवहन मंत्री के पद पर थे।