तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी ने द्रमुक (डीएमके) नेता कनिमोझी का समर्थन किया है। बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्षी दलों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि कनिमोझी के तमिलनाडु स्थित आवास पर आयकर ने मंगलवार शाम छापेमारी की थी। बनर्जी पश्चिम बंगाल के कांडी में आयोजित एक रैली में बोल रही थीं।
बनर्जी ने कहा कि कनिमोझी को इसलिए परेशान किया जा रहा है कियोंकि द्रमुक दक्षिण भारत में भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश ने पहले कभी ऐसा प्रधानमंत्री नहीं देखा जिसे लोग प्यार करने या जिसका सम्मान करने के बजाय, उससे डरें।
रैली में बनर्जी ने कहा, ‘यह शर्म की बात है कि भाजपा विपक्षी नेताओं और दलों को परेशान करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। आयकर विभाग ने कल कनिमोझी के घर अकारण छापे मारे। उन्हें (द्रमुक नेताओं को) केवल इसलिए परेशान किया जा रहा है क्योंकि द्रमुक और उसके नेता एमके स्टालिन नरेंद्र मोदी और भाजपा के विरोधी हैं।
उल्लेखनीय है कि चुनाव अधिकारियों ने आयकर अधिकारियों के साथ द्रमुक नेता कनिमोझी के दक्षिणी तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित आवास पर मंगलवार को छापे मारे थे। कनिमोझी यहीं से चुनाव लड़ रही हैं।
बनर्जी ने कहा, ‘हमारे लिए एक नेता वह होता है जिसे समाज के विभिन्न वर्गों के लोग प्यार करें और उसका सम्मान करें। लेकिन आजादी के बाद पहली बार हमारे पास प्रधानमंत्री मोदी जैसा ऐसा नेता है जो डर पैदा करके सत्ता में है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी हर किसी को डरा रहे हैं और हर कोई उनसे डरता है। बनर्जी ने कहा, ‘यह शर्म की बात है कि जिस व्यक्ति ने दंगों के जरिए राजनीति में अपनी जगह बनाई, वही देश का नेतृत्व कर रहा है।’