पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज केरल में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, ‘‘ शब्द काफी नहीं है। फिर भी, मैं केरल के अपने सभी भाईयों और बहनों को कहना चाहूंगी कि हमारी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं आप सभी के साथ हैं..।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ संवेदना। केरल बाढ़ से जुझ रहे लोगों को ताकत।’’ केरल राज्य आपदा प्रबंधक के नियंत्रण कक्ष के अनुसार आठ अगस्त से अभी तक 194 लोगों की जान जा चुकी हैं और 36 अन्य लोग लापता हैं। केरल में 3.14लाख से अधिक लोगों को आश्रय स्थल पहुंचाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज राज्य का दौरा किया और बाढ़ ग्रस्त केरल को तत्काल 500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजन को दो लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए बतौर अनुग्रह राशि दिए जाने की भी घोषणा की है।