पश्चिम बंगाल सरकार ने शिक्षकों और कुलपतियों की सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ा दी है। अब शिक्षक 62 की जगह 65 साल की उम्र में सेवानिवृत्त होंगे। कुलपतियों के मामले में यह उम्र सीमा मौजूदा 65 से बढ़ा कर 70 साल कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को यहां कलकत्ता विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सरकार के इस फैसले का एलान किया। उन्होंने कहा कि इस बारे में सरकारी अधिसूचना शीघ्र जारी कर दी जाएगी। ममता ने कहा कि उम्र बढ़ने पर अनुभव की वजह से शिक्षक और कुलपति बेहतर काम करते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उनकी सेवानिवृत्ति की उम्र क्रमश: तीन व पांच साल बढ़ाने का फैसला किया है। ध्यान रहे कि बीते साल दुर्गापूजा से पहले सरकार ने नर्सों की सेवानिवृत्ति की उम्र भी दो साल बढ़ा कर 62 साल कर दी थी।