पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किसी का नाम लिए बगैर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दूसरे राज्यों से गुंडे लेकर आ रहे हैं ताकि 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की शांति भंग की जा सके।
बनर्जी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा ने कहा कि देश के बाकी हिस्सों से आने वाले भारतीयों का तृणमूल कांग्रेस सरकार स्वागत नहीं करती है, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों का दिल खोलकर स्वागत किया जाता है।
हिन्दी भाषी बहुल क्षेत्र पोस्ता बाजार में जगधात्री पूजा के शुभारंभ के अवसर पर बनर्जी ने लोगों से कहा कि वे राज्य में अशांति फैलाने वाले गुंडों और बाहरी लोगों का प्रतिकार करें।
ममता ने कहा कि अगर बाहर से कुछ गुंडे हमारे राज्य में आकर आपको आतंकित करते हैं तो आप सभी को एकजुट होकर उनका प्रतिकार करना चाहिए। मैं वादा करती हूं कि हम आपके साथ होंगे। हम शांति में विश्वास करते हैं।
लेकिन कुछ लोग सिर्फ चुनाव के दौरान दूसरों को आतंकित करने आते हैं। हम उन्हें यहां मनमर्जी नहीं करने देंगे। इन बाहरी लोगों को विभाजनकारी ताकत बताते हुए बनर्जी ने कहा कि उन्हें हराने की आवश्यकता है।