भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का सपना नहीं देखना चाहिए। उनकी यह महात्वाकांक्षा कभी पूरी नहीं होगी। ध्यान रहे कि ममता ने यहां आयोजित शहीद रैली में अगले लोकसभा चुनावों में भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने की अपील की थी। सिन्हा ने कहा कि ममता के बंगाल की सत्ता में बने रहने पर ही संदेह है और वे दिल्ली का सपना देख रही हैं।
ममता की ओर से 19 जनवरी को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विपक्षी नेताओं की प्रस्तावित रैली का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी उसी मैदान में 23 जनवरी को एक रैली आयोजित करेगी जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
सिन्हा ने कहा कि लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान विपक्षी एका की पोल खुल चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनकी नीतियों को देश की जनता का समर्थन हासिल है।