टीएमसी नेता ममता बनर्जी ने एक नीट (NEET) अभ्यर्थी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में ममता बनर्जी ने कहा कि देश ने एक ऐसे युवा जीवन को खो दिया है, जिसके भीतर सपनों का एक पूरा संसार बसता था। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक सपना भले ही बुझ गया हो, लेकिन उसका दर्द परिवार के साथ हमेशा रहेगा।
यह कोई अकेली त्रासदी नहीं
मुख्यमंत्री ने इस घटना को कोई अकेली त्रासदी मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह भाजपा शासन में देश की शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनिश्चितता का गंभीर उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र लीक, बार-बार सामने आने वाली अनियमितताओं और प्रशासनिक विफलताओं ने छात्रों की मेहनत और प्रतिभा को दांव पर लगा दिया है।
सरकार ने योग्यता को जुए और निराशा में बदल दिया
ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार ने योग्यता को एक जुए और उम्मीद को निराशा में बदल दिया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर युवाओं के साथ लगातार विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था देश के छात्रों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में विफल रही है।