मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में लोगों को मछली खाने की आजादी नहीं है और अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आई, तो लोगों का मांस और अंडा खाना भी दूभर हो जाएगा। ममता बनर्जी ने भाजपा पर दंगा भड़काने और आदिवासियों पर अत्याचार करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
पश्चिम बंगाल में सियासी पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है। इस बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य की जनता की थाली और उनकी संस्कृति को ढाल बनाकर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो यहां के लोगों का खान-पान पूरी तरह बदल दिया जाएगा।
विज्ञापन
ये लोग अपनी मर्जी का खाना थोपते हैं- सीएम ममता
एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए 'दीदी' ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में मछली नहीं खाई जाती है। वहां का माहौल बिल्कुल अलग है। मैं आप सबको सावधान कर रही हूं कि अगर बंगाल में भाजपा सत्ता में आ गई, तो आप लोग यहां चैन से मछली, मांस या अंडा भी नहीं खा पाएंगे। ये लोग अपनी मर्जी का खाना दूसरों पर थोपते हैं।
ममता बनर्जी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एकतरफा सोच रखने वाली पार्टी है, जो असल में किसी भी धर्म पर विश्वास नहीं करती। सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ये लोग सिर्फ और सिर्फ नफरत फैलाने और दंगे भड़काने का काम करते हैं। ये लोग दंगे कराकर ही सत्ता की कुर्सी तक पहुंचते हैं। मासूम और बेगुनाह लोगों की जान लेकर ये लोग सत्ता का सुख भोगते हैं।
विज्ञापन
भाजपा शासित राज्यों में आदिवासियों पर हो रहे हमले- सीएम ममता
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि आज पूरे देश में सबसे ज्यादा आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार भाजपा शासित राज्यों में ही हो रहे हैं। वहां कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।
'बंगाली बोलने वालों को बनाया जाता है निशाना'
बंगाल की अस्मिता और बंगाली प्रवासियों का मुद्दा उठाते हुए ममता बनर्जी ने एक अपील की। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में हमारे बंगाली बोलने वाले भाई-बहनों को निशाना बनाया जाता है, उन पर हमले किए जाते हैं। लेकिन हमारी सरकार की नीयत साफ है। हम बंगाल में किसी के भी साथ भेदभाव नहीं करते और न ही किसी पर किसी तरह का कोई अत्याचार करते हैं। हम सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।
ममता बनर्जी ने कहा कि माताओं-बहनों को लक्ष्मी भंडार का पैसा मिल रहा है। TMC रहेगी तभी आपको यह मिलेगा। भाजपा आएगी तो चुनाव से पहले आपको कुछ पैसे देगी लेकिन चुनाव के बाद बंद कर देगी। आपको यह 1 दिन चाहिए या आजीवन चाहिए? हमने इसे आजीवन कर दिया है, जिससे माताओं-बहनों को आजीवन लक्ष्मी भंडार का पैसा मिले।