अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने तत्काल प्रभाव से रिपुन बोरा को एआईटीसी असम इकाई का राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया है। असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा 17 अप्रैल को टीएमसी में शामिल हुए थे।
इससे पहले टीएमसी नेता रिपुन बोरा ने बुधवार को कहा था कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 2024 के लोकसभा आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त विपक्षी उम्मीदवार हैं, क्योंकि वह अकेले भाजपा के खिलाफ आक्रामक रूप से लड़ रही हैं। बोरा ने कहा था कि मेरे मन में सभी विपक्षी नेताओं का पूरा सम्मान है, लेकिन जमीनी हकीकत को देखते हुए मैंने देखा है कि ममता बनर्जी ही मोदी के खिलाफ आक्रामक तरीके से लड़ रही हैं।
टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल फिर सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर फिर से सीबीआई के समक्ष पेश नहीं हुए। जांच एजेंसी ने उनकी चिकित्सकीय जांच के लिए चार सदस्यीय मेडिकल टीम का गठन किया है। एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि मवेशी तस्करी घोटाला मामले में छह बार सम्मन भेजे जाने के बावजूद मंडल जांच एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए हैं। केंद्रीय एजेंसी की एक अन्य टीम ने भी मंडल को रविवार को उसके समक्ष पेश होकर पिछले साल चुनाव के बाद हुई हिंसा मामले की जांच में सहयोग करने को कहा था। मंडल को शुक्रवार की शाम सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से छुट्टी मिली। वह स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के कारण पिछले 17 दिनों से वहां भर्ती थे।