राफेल पर नारियल चढ़ाते राजनाथ सिंह
- फोटो : PTI
देश के लिए पहला राफेल लाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के फ्रांस जाने और शस्त्र पूजा करने पर कांग्रेस ने टिप्पणी की है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे 'तमाशा' करार देते हए कहा कि ऐसा ड्रामा करने की जरुरत ही नहीं थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह का दिखावा करने में यकीन नहीं रखती। कांग्रेस शासनकाल में जब हमने सेना के लिए बोफोर्स हथियार खरीदा था, तो हमारी ओर से कोई नेता या मंत्री उसे लाने विदेश नहीं गया था। खड़गे ने राजनाथ सिंह के राफेल विमान में बैठने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हमारी वायुसेना के अधिकारी तय करते हैं कि वे अच्छे हैं या नहीं। ये लोग जाते हैं, विमान के अंदर बैठते हैं और दिखावा करते हैं।
मालूम हो कि कांग्रेस शासनकाल में स्वीडन की हथियार निर्माता कंपनी से भारतीय सेना के लिए होवित्सर तोप खरीदे गए थे। 24 मार्च, 1986 को भारत सरकार और स्वीडन की हथियार निर्माता कंपनी एबी बोफोर्स के बीच 1,437 करोड़ रुपये का सौदा हुआ था। भारतीय सेना को 155 एमएम की 400 होवित्जर तोप की सप्लाई के लिए यह सौदा हुआ था।