केंद्र सरकार ने कई दिनों से चल रही चर्चा पर विराम लगाते हुए केंद्रीय नौकरशाही में शनिवार को बड़े पैमाने पर फेरबदल कर दिया। सरकार ने कुल 18 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। नए फेरबदल में उत्तर प्रदेश से भी आलोक टंडन और आलोक कुमार-1 को केंद्र में बुलाया गया है।
उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास आयुक्त के साथ नोएडा अथॉरिटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी संभाल रहे यूपी कैडर के 1986 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आलोक टंडन को केंद्रीय खनन सचिव बनाया गया है, जबकि 1986 बैच के आलोक कुमार-1 को ऊर्जा सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, ऊर्जा सचिव बनाए गए आलोक कुमार संजीव नंदन सहाय की जगह लेंगे, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। मध्यप्रदेश कैडर के दीपक खांडेकर को केंद्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग का नया सचिव बनाया गया है। 1985 बैच के दीपक अब तक जनजाति कल्याण विभाग के सचिव थे। ओडिशा कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी उपेंद्र प्रसाद सिंह को वस्त्र मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वे अब तक जल शक्ति मंत्रालय, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में सचिव थे।
फिलहाल भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सीईओ पंकज कुमार को उपेंद्र प्रसाद सिंह की जगह जल शक्ति मंत्रालय में सचिव बनाया गया है। मध्यप्रदेश कैडर के 1987 बैच के राजेश कुमार चतुर्वेदी को रसायन व पेट्रो रसायन विभाग के सचिव से उर्वरक विभाग के सचिव पद पर भेजा गया है।
पर्यटन सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे योगेंद्र त्रिपाठी को रसायन व पेट्रो रसायन विभाग में सचिव बनाया गया है। ओडिशा कैडर के 1986 बैच के अधिकारी जीवी वेणुगोपाला सरमा को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में सदस्य सचिव पद से राष्ट्रीय प्राधिकरण (रासायनिक हथियार समझौता) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद सिंह को त्रिपाठी की जगह पर्यटन सचिव बनाया गया है। तमिलनाडु कैडर के ऑटम डे केंद्रीय सतर्कता आयोग के सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गुजरात कैडर के विद्युत बिहारी स्वैन सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय के सचिव बनाए गए हैं। वे अब तक वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव थे। गृह मंत्रालय के विशेष सचिव प्रवीण कुमार श्रीवास्तव को कैबिनेट सचिवालय का सचिव (समन्वय) नियुक्त किया गया है। उर्वरक विभाग में अतिरिक्त सचिव व वित्त सलाहकार अलका तिवारी अब राष्ट्रीय जनजाति आयोग की सचिव होंगी।
उत्तराखंड कैडर के संधू समेत पांच को प्रोन्नति
केंद्र सरकार ने 1988 बैच के पांच आईएएस अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों पर ही प्रोन्नति देकर विशेष सचिव रैंक दे दी गई है। इन अधिकारियों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के चेयरमैन सुखबीर सिंह संधू (उत्तराखंड कैडर), पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव व वित्त सलाहकार प्रवीण वशिष्ठ (मध्य प्रदेश कैडर), कंपनी मामलों के मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव अंजलि भावारा (पंजाब कैडर), सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक जतिंद्र नाथ स्वैन (तमिलनाडु कैडर) और वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग में अतिरिक्त सचिव अनिल कुमार झा (कर्नाटक कैडर) शामिल हैं।