दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण एक अप्रत्याशित घटना में एअर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। तेज हवा और बारिश के दौरान ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी निर्धारित जगह से खिसककर टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से टकरा गए। सुरक्षा कारणों से तीनों विमानों को तत्काल सेवा से हटा दिया गया।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को तीन विमानों के क्षतिग्रस्त होने से हड़कंप मच गया। दरअसल, हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर खड़े एअर इंडिया के तीन विमानों को ग्राउंट सपोर्ट उपकरणों ने टक्कर मार दी। यह घटना तेज हवा और बारिश के चलते हुई। यह जानकारी हवाईअड्डे के संचालक ने दी।
विज्ञापन
संचालक के अनुसार, टक्कर के बाद तीनों विमानों को परिचालन से बाहर कर दिया गया है। बयान में कहा गया है कि अचानक खराब मौसम के कारण एअर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अपनी जगह से खिसक गए और टर्मिनल-2 पर खड़े विमानों से टकरा गए।
एअर इंडिया ने टिप्पणी करने से किया इनकार
संचालक ने यह भी कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने मौसम में बदलाव को लेकर हवाईअड्डा संचालक या एयरलाइंस को कोई चेतावनी जारी नहीं की थी। वहीं, इस घटना पर एअर इंडिया ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हालांकि, एयरलाइन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि एअर इंडिया के तीन विमानों के अलावा अन्य एयरलाइंस के कुछ विमान भी खराब मौसम की वजह से प्रभावित हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, प्रभावित तीन विमानों में से दो जल्द ही दोबारा परिचालन में लौट आएंगे, जबकि तीसरे विमान की मरम्मत में थोड़ा ज्यादा समय लगेगा।
दिल्ली में अचानक बदला मौसम
राजधानी दिल्ली में रविवार को अचानक से मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिन भर की कड़ी धूप के बाद अचानक से शाम को बारिश देखने को मिली। बारिश खासतौर पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के इलाकों में हुई। इन इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई।
विजयवाड़ा हवाई अड्डे पर विमान से टकराया पक्षी
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। सिंगापुर से विजयवाड़ा आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट विजयवाड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय एक पक्षी से टकरा गई। इसकी वजह से लगभग एक घंटे की देरी की बात सामने आई है। विजयवाड़ा अंतर्राष्ट्रीय जनसंपर्क अधिकारी श्रीहरि ने बताया कि घटना के बाद इंजीनियरिंग टीम द्वारा विमान का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण किया गया।