सलमान हिरण शिकार मामले में मुख्य गवाह हरीश दुलानी ने राजस्थान सरकार से खुद व परिवार के लिए सुरक्षा मांगी है। मुख्य गवाह दुलानी ने माना है कि अज्ञात लोगों के डराने-धमकाने के कारण वह जोधपुर से बाहर रह रहा था।
हाल ही में जब राजस्थान हाईकोर्ट ने सलमान को बरी किया था, तब वह कहीं बाहर गया ही नहीं था। दुलानी ने गृह मंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि हिरण शिकार में सलमान खान मुख्य आरोपी था और पूर्व में उसके खिलाफ अदालत में बतौर मुख्य गवाह बयान देने अदालत गया था। उस दौरान भी अज्ञात लोगों ने पिता को धमकाया था।
दुलानी ने कहा कि डर के कारण उस समय से ही बिना किसी को बताए राजस्थान से बाहर चला गया था।
अब हाईकोर्ट के निर्णय के बाद से अज्ञात लोग फिर से उसके पीछे पड़े हुए हैं और उसके कहीं भी आने-जाने सहित सभी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। पत्र में कहा है कि उसे और उसके परिवार को खतरा महसूस हो रहा है। ऐसे में दुलानी ने खुद व परिवार के लिए सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है।