सार्वजनिक मंच से या मीडिया में विवादित बयान देकर सुर्खियां बटोरना और बुरी तरह घिरने पर अपने बयानों से पलटी मारना नए जमाने के राजनेताओं का शगल बन गया है। कुछ ऐसी ही मानसिकता वाले राजनेताओं में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा और भाजपा सांसद उदित राज भी शुमार हो गए हैं।
विदेशी महिला पर्यटकों को स्कर्ट पहनकर अकेले में न निकलने की सलाह देने के बाद केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री को बयान अटपटा लगा तो तुरंत अपने बयान से पलटते हुए कहने लगे कि पर्यटक अकेले निकले तो ध्यान से निकले। वहीं, भाजपा सांसद उदित राज ने ट्वीट करके जमैका के एथलीट उसेन बोल्ट के नौ स्वर्ण पदक जीतने का राज उसके बीफ खाने को बताया, लेकिन बाद में उन्होंने सफाई दे डाली कि उनका इरादा यह बताने का नहीं था।
दरअसल, दोनों नेताओं ने अपने विवादित बयानों को तूल देने का ठीकरा आखिरकार मीडिया पर ही फोड़ा। डॉ. शर्मा ने कहा कि मीडिया में उनके बयानों को गलत तरीके से पेश किया गया। ताजमहल के निरीक्षण के लिए आगरा गए डॉ. शर्मा ने पर्यटकों के साथ बढ़ रही घटनाओं के संदर्भ में यह बयान दिया था।