करीब दो साल बाद एक मां पर ही उसके दो बच्चों की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दरअसल, मुंबई के बाहरी इलाके में साल 2021 में एक महिला और उसके दो बच्चों का शव घर से बरामद किया गया था। तभी से मामले की जांच चल रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा सच सामने आया है।
वसई-विरार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड के नया नगर स्थित घर में 47 वर्षीय महिला नसरीन वाघू और उसके दोनों बच्चे सदनाज (20) और हर्ष (13) सात सितंबर 2021 में मृत पाए गए थे।
पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अब करीब दो साल बाद जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ।
अधिकारी ने कहा कि रिपोर्ट से पता चला कि नसरीन ने पहले बच्चों का गला घोंटा बाद में खुद की जिंदगी समाप्त करने के लिए कुछ गोलियां खा लीं। फिलहाल, यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। उन्होंने कहा कि मृत महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।