महाराष्ट्र के नांदेड़ में महिला से मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पूरी की।
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ करने के आरोपी दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के 48 घंटे के भीतर ही पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। यह घटना 16 अक्तूबर को भाग्यनगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, महिला और उसके पति के बीच अपनी बेटी को स्कूल भेजने को लेकर बहस हो गई थी। इसी दौरान, स्थानीय निवासी श्रीपाद दिगंबर मोकमपुरे (25) और गजानन दिगंबर मोकमपुरे (30) भी वहां आ गए और महिला तथा उसके परिवार वालों के साथ बहस करने लगे।
क्या है आरोप?
आरोप है कि इन लोगों ने महिला को थप्पड़ मारा और उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गिर गई। साथ ही, उन्होंने महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाई। पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार, भाग्यनगर पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 355 (शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर दुर्व्यवहार) और 3(5) (समान इरादा) के तहत मामला दर्ज किया।
विज्ञापन
जांच टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार किया, घटनास्थल का निरीक्षण किया, मुख्य गवाहों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता महिला का बयान दर्ज किया। विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस ने जांच से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर लीं और 48 घंटे के भीतर स्थानीय अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी।